भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नवीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। राजीतिक हल्कों में चौंकाने वाली मानी जा रही यह नियुक्ति रविवार (14 दिसंबर 2025) से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी।
भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने श्री नितिन नबीन, मंत्री, बिहार सरकार को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। pic.twitter.com/aNRLS6S8at
— BJP (@BJP4India) December 14, 2025
पार्टी के मौजूदा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल जून 2024 में समाप्त हो चुका था। 2024 लोकसभा चुनाव के बाद उन्हें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया था, जिसके बाद से वे पार्टी अध्यक्ष पद पर एक्सटेंशन पर चल रहे थे। लंबे समय से बीजेपी को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की तलाश है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा समेत कई नेताओं ने नितिन नवीन को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने X पर लिखा, “नितिन नवीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है।”
उन्होंने आगे लिखा, “बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे समर्पण भाव से काम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव के साथ जमीन पर काम करने के लिए जाने जाते हैं। मुझे पूरा विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता आने वाले समय में हमारी पार्टी को और अधिक सशक्त बनाएगी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।”
श्री नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। वे एक युवा और परिश्रमी नेता हैं, जिनके पास संगठन का अच्छा-खासा अनुभव है। बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्य बहुत प्रभावी रहा है, साथ ही जनआकांक्षाओं को पूरा करने के लिए उन्होंने पूरे…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 14, 2025
कौन हैं नितिन नवीन?
नितिन नवीन बिहार की राजनीति का जाना-पहचाना नाम हैं। वे वर्तमान में पटना के बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं और बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री के तौर पर काम कर रहे हैं। उनकी उम्र 45 साल है और वे कायस्थ समुदाय से आते हैं। नितिन नवीन भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के बेटे हैं। उनका जन्म पटना में हुआ और उन्होंने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। नितिन ने पिता के आकस्मिक निधन के बाद बिहार की चुनावी राजनीति में कदम रखा और फिर कभी विधानसभा चुनाव नहीं हारा।
साल 2006 में उन्होंने महज 26 साल की उम्र में पटना वेस्ट विधानसभा सीट से उप-चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया। इसके बाद 2008 में परिसीमन हुआ और पटना वेस्ट सीट का नाम बदलकर बांकीपुर कर दिया गया। तब से लेकर अब तक वे लगातार इसी सीट से चुनाव जीतते आ रहे हैं।
नितिन नवीन अब तक पाँच बार विधायक बन चुके हैं। उन्होंने 2006 के उपचुनाव के बाद 2010, 2015, 2020 और 2025 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल की है। 2025 का चुनाव उनके राजनीतिक करियर की सबसे बड़ी जीत माना जा रहा है, जिसमें उन्होंने RJD उम्मीदवार रेखा कुमारी को 51,936 वोटों के बड़े अंतर से हराया और कुल 98,299 वोट हासिल किए।
राज्य में मंत्री एवं संगठनात्मक अनुभव
नितिन नवीन को राज्य सरकार और संगठन दोनों स्तरों पर लंबा प्रशासनिक व राजनीतिक अनुभव रहा है। वे फरवरी 2021 से अगस्त 2022 तक बिहार सरकार में पथ निर्माण विभाग के मंत्री रहे। इसके बाद मार्च 2024 से फरवरी 2025 तक उन्होंने कानून एवं न्याय तथा शहरी विकास एवं आवास मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई।
संगठनात्मक स्तर पर नितिन नवीन ने 2016 से 2019 तक बिहार में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। वर्ष 2019 से 2023 तक वे BJYM के राष्ट्रीय महासचिव रहे।
इसके बाद 2023 से 2024 तक उन्हें भाजपा द्वारा छत्तीसगढ़ का सह-प्रभारी नियुक्त किया गया। वर्ष 2024 से वर्तमान तक वे भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी के रूप में संगठनात्मक जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे नवीन को भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व का भरोसेमंद माना जाता है।


