नीतीश कुमार ने बिहार के CM पद से दिया इस्तीफा, राज्यपाल को सौंपा पत्र: सम्राट चौधरी-विजय सिन्हा-चिराग पासवान के साथ पहुँचे थे राजभवन

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार (19 नवंबर 2025) राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके साथ ही NDA घटक दलों ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया।

नीतीश कुमार सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, चिराग पासवान सहित NDA के कई बड़े नेताओं के साथ राजभवन पहुँचे। सभी ने मिलकर समर्थन पत्र सौंपा। NDA ने हालिया विधानसभा चुनाव में प्रचंड बहुमत हासिल किया है।

राज्यपाल ने दावे को स्वीकार कर लिया है। 20 नवंबर 2025 को पटना के गाँधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बीजेपी-NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, एनडीए का शीर्ष नेतृत्व भी शामिल होगा।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने 202 सीटों पर जोरदार जीत दर्ज की। इस चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और उसे 89 सीटों पर जीत मिली, तो नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने 85 सीटें जीती हैं।

चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की। जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को 5 सीट मिले। उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिली हैं। वहीं, विपक्षी पार्टियों में आरजेडी को 25, कॉन्ग्रेस को 6, AIMIM को 5, CPI (ML) को 2, IIP, CPI (M) को एक-एक सीट मिली है।