JDU ने नीतीश कुमार को चुना विधानमंडल दल का नेता, BJP विधायक दल ने सम्राट चौधरी को चुना नेता-विजय सिन्हा उपनेता

बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जेडीयू विधायक दल की बैठक के बाद नीतीश कुमार को एक बार फिर विधानमंडल दल का नेता चुन लिया है। वहीं बीजेपी विधायकों की तरफ से सम्राट चौधरी को विधायक दल का नेता और विजय सिन्हा को उपनेता चुना गया है। इसके साथ ही ये साफ हो गया है कि बिहार की नई सरकार में शीर्ष पर बहुत फेरबदल की संभावना नहीं है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार (19 नवंबर 2025) को पटना में NDA की संयुक्त बैठक में इन तीनों नामों पर मुहर लगनी तय मानी जा रही है। ये बैठक विधानसभा के केंद्रीय सभागार में होगी, जिसमें एनडीए के सभी दल बीजेपी, जेडीयू, LJP-RV, हम-S और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के विधायक शामिल होंगे।

20 नवंबर 2025 को पटना के गाँधी मैदान में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा, जिसमें नीतीश कुमार रिकॉर्ड 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बीजेपी-NDA शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, एनडीए का शीर्ष नेतृत्व भी शामिल होगा।

नई सरकार में दो उपमुख्यमंत्रियों समेत लगभग 18 से 20 मंत्रियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। उपमुख्यमंत्री पद के लिए बीजेपी कोटे से दो नाम लगभग तय बताए जा रहे हैं, जबकि जेडीयू और अन्य छोटे दलों को भी कैबिनेट में जगह देने की बात कही जा रही है।

गौरतलब है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए ने 202 सीटों पर जोरदार जीत दर्ज की। इस चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और उसे 89 सीटों पर जीत मिली, तो नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) ने 85 सीटें जीती हैं।

चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) ने 19 सीटों पर जीत दर्ज की। जीतन राम मांझी की हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (सेक्युलर) को 5 सीट मिले। उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटें मिली हैं। वहीं, विपक्षी पार्टियों में आरजेडी को 25, कॉन्ग्रेस को 6, AIMIM को 5, CPI (ML) को 2, IIP, CPI (M) को एक-एक सीट मिली है।