116 साल की नवनीतम्मा ने चढ़ीं तिरुपति की 3550 सीढ़ियाँ, Video वायरल होने पर मंदिर ने किया ये खास काम: CM चंद्रबाबू ने भी की तारीफ

आंध्र प्रदेश के तिरुपति तिरुमाला वेंक्टेश्वर मंदिर में 116 साल की एक बुजुर्ग महिला की अटूट आस्था इन दिनों सोशल मीडिया पर सबका ध्यान खींच रही है। चेन्नई की रहने वाली नवनीतम्मा ने भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए पैदल तिरुमाला जाने का फैसला किया।

उन्होंने अपने पोते के साथ पारंपरिक अलीपिरी पैदल मार्ग से कठिन चढ़ाई पूरी की। सोशल मीडिया पर उनकी यात्रा का वीडियो वायरल होने के बाद लाखों लोग उनकी श्रद्धा और हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं।

बताया जा रहा है कि नवनीतम्मा पिछले कुछ वर्षों से तिरुपति में अपने रिश्तेदारों के साथ रह रही हैं। उन्होंने करीब 11 किलोमीटर लंबे अलीपिरी मार्ग पर की लगभग 3550 सीढ़ियाँ चढ़कर तिरुमाला मंदिर तक का सफर पूरा किया। रास्ते में मौजूद श्रद्धालुओं ने उनके वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किए, जिसके बाद उनकी कहानी देशभर में चर्चा का विषय बन गई।

वीडियो वायरल होने के बाद तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने उन्हें विशेष VIP ब्रेक दर्शन की व्यवस्था कराई। उन्हें महाद्वार से मंदिर में प्रवेश कराया गया और भगवान वेंकटेश्वर के निकट से दर्शन कराए गए। मंदिर के कार्यकारी अधिकारी ने उन्हें रेशमी वस्त्र और प्रसाद भी भेंट किया।

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी उनकी तारीफ करते हुए कहा कि सच्ची भक्ति के सामने उम्र सिर्फ एक संख्या है। वहीं परिवार का कहना है कि उन्होंने नवनीतम्मा को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन उनका संकल्प अटल था।