प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार (7 नवंबर 2025) की शाम अपने दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुँचे। पीएम मोदी ने शनिवार (8 नवंबर 2025) को बनारस रेलवे स्टेशन पर एक बड़े कार्यक्रम में देश को चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का तोहफा दिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
पीएम मोदी ने एक ट्रेन को स्टेशन पर खुद हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तीन अन्य ट्रेनों की भी शुरुआत की। इन चार नई ट्रेनों में बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस, लखनऊ-सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस, फिरोजपुर-दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस और एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस शामिल हैं।
‘वंदे भारत भारतीयों का गौरव है’
वाराणसी से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आज वंदे भारत, नमो भारत, अमृत भारत जैसी ट्रेनें भारतीय रेलवे की अगली पीढ़ी की नींव रख रही हैं।” उन्होंने कहा कि वंदे भारत ‘भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए’ बनाई गई ट्रेन है, जिस पर हर भारतीय को गर्व है। उन्होंने जोर देकर कहा कि तेज गति वाली ये ट्रेनें ‘विकसित भारत’ के अभियान में एक मील का पत्थर साबित होंगी।
काशी के विकास और स्वास्थ्य पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि किसी भी देश के विकास में मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर (बुनियादी ढाँचा) सबसे बड़ी ताकत होता है। काशी के विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि बनारस आने वाले हर व्यक्ति के लिए यहाँ रहना एक खास अनुभव बने।
पीएम मोदी ने काशी की स्वास्थ्य सेवाओं पर बात करते हुए कहा कि 10-11 साल पहले यहाँ गंभीर बीमारियों का इलाज मुश्किल था और लोगों के पास केवल बीएचयू (BHU) का विकल्प होता था, जहाँ बेड मिलना भी कठिन था। अब सरकार ने महामना कैंसर अस्पताल जैसे कई नए अस्पताल बनाए हैं, जिससे पूर्वांचल और आसपास के राज्यों के लोगों को आयुष्मान भारत और जन औषधि केंद्रों का बड़ा लाभ मिल रहा है।
पर्यटन को मिलेगा बड़ा बूस्ट
बनारस-खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देगी। यह ट्रेन वाराणसी, प्रयागराज, चित्रकूट और यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो जैसे प्रमुख स्थानों को जोड़ेगी। इससे यात्रियों को तेज, आरामदायक सफर मिलेगा और यात्रा का समय करीब 2 घंटे 40 मिनट कम हो जाएगा, जिससे स्थानीय पर्यटन उद्योग और अर्थव्यवस्था को नया प्रोत्साहन मिलेगा।

