बांग्लादेश के 13वें आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) को प्रचंड बहुमत मिलने के बाद पीएम मोदी ने BNP अध्यक्ष तारिक रहमान से फोन पर बातचीत कर उन्हें शानदार जीत के लिए बधाई दी है। इस चुनाव को बांग्लादेश की राजनीति में बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि यह पूर्व पीएम शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद पहला बड़ा आम चुनाव था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए संदेश में अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए लिखा, “मिस्टर तारिक रहमान से बात करके बहुत खुशी हुई। मैंने उन्हें बांग्लादेश चुनाव में शानदार जीत के लिए बधाई दी। मैंने बांग्लादेश के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने की उनकी कोशिश के लिए अपनी शुभकामनाएँ और सपोर्ट दिया।”
Delighted to speak with Mr. Tarique Rahman. I congratulated him on the remarkable victory in the Bangladesh elections.
— Narendra Modi (@narendramodi) February 13, 2026
I conveyed my best wishes and support in his endeavour to fulfil the aspirations of the people of Bangladesh.
As two close neighbours with deep-rooted…
उन्होंने आगे लिखा, “दो करीबी पड़ोसियों के तौर पर, जिनके ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रिश्ते बहुत गहरे हैं, मैंने दोनों देशों के लोगों की शांति, तरक्की और खुशहाली के लिए भारत के लगातार कमिटमेंट को फिर से पक्का किया।”
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर तारिक रहमान को बधाई देते हुए लिखा था, “संसदीय चुनावों में BNP को निर्णायक जीत दिलाने के लिए मैं श्री तारिक रहमान को हार्दिक बधाई देता हूँ। भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में खड़ा रहेगा। मैं साझा विकास लक्ष्यों के लिए आपके साथ काम करने को तत्पर हूँ।”
गौरतलब है कि बांग्लादेश में हुए 13वें संसदीय चुनाव में बीएनपी के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 300 सदस्यीय संसद में दो-तिहाई बहुमत का आँकड़ा पार कर लिया है। लंबे राजनीतिक अंतराल के बाद पार्टी की सत्ता में वापसी को दक्षिण एशियाई राजनीति में बड़ा मोड़ माना जा रहा है।

