रेप करके लड़की को कबूल करवाया इस्लाम, भाई से मजदूरी करवाई: प्रयागराज में कोहिनूर होटल चलाने वाले आलम पर एक्शन, ढाबे पर बुलडोजर चला

प्रयागराज के घूरपुर में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म और जबरन मतांतरण के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शनिवार (25 अक्टूबर 2025) को मुख्य आरोपित मोहम्मद आलम के अवैध ढाबे पर बुलडोजर चलाया गया।

मामला घूरपुर क्षेत्र के एक गाँव का है, जहाँ एक अनाथ किशोरी और उसके भाई को मोहम्मद आलम ने औद्योगिक क्षेत्र स्थित अपने ढाबे पर जबरन काम करवाया था। आरोप है कि बाद में आरोपित ने किशोरी को करमा स्थित अपने घर में बंधक बनाकर उससे सामूहिक दुष्कर्म किया और उसका मतांतरण करवा दिया। वहीं, किशोरी के नाबालिग भाई को मुंबई भेजकर मतांतरण करवाने के बाद जबरन मजदूरी कराई गई।

किसी तरह 8 अक्तूबर 2025 को आरोपित के चंगुल से भागी किशोरी अपने गाँव पहुँची और आपबीती सुनाई। ग्रामीणों की मदद से पुलिस तक मामला पहुँचा, जिसके बाद शाह आलम, उसकी पत्नी रहनुमा, मुमताज अहमद और अन्य आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। घूरपुर पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

शनिवार (25 अक्टूबर 2025) को पुलिस और पीडब्ल्यूडी की संयुक्त टीम ने यूनाइटेड कॉलेज के पास कोहिनूर होटल नामक ढाबे को ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने बताया कि ढाबा सरकारी जमीन पर कब्जा कर बनाया गया था, इसलिए प्रशासनिक आदेश पर कार्रवाई की गई।