विपक्ष के नेता और सांसद राहुल गाँधी के खिलाफ रायबरेली सिविल कोर्ट में शिकायत दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता शकील अहमद ने यह शिकायत 19-20 मई के उनके दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियाँ करने के मामले में की गई है। इस मामले की अगली सुनवाई 15 जून को होगी।
Raebareli, Uttar Pradesh: A complaint has been filed in a civil court against Leader of Opposition and MP Rahul Gandhi by Complainant Shakeel Ahmad over alleged objectionable remarks against Prime Minister Narendra Modi and Home Minister Amit Shah during his May 19–20 visit, with… pic.twitter.com/3uHNLJT6KU
— IANS (@ians_india) May 25, 2026
राहुल गाँधी ने क्या- क्या कहा
कॉन्ग्रेस सांसद राहुल गाँधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को लेकर विवादित बयान दिया था। रायबरेली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह को ‘गद्दार’ बताया। भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर मामला सुर्खियों में आ गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल गाँधी ने अपने भाषण में कहा था कि पीएम मोदी और शाह ‘संविधान पर हमला’ कर रहे हैं। उन्होंने दोनों नेताओं को ‘गद्दार’ कहा। RSS पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि देश की संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में ‘आर्थिक तूफान’ आने वाला है और सरकार लोगों को बचा नहीं पाएगी।
मोदी सरकार पर राहुल गाँधी ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने देश का आर्थिक सिस्टम बेच दिया है। देश में महँगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है और इसके लिए मोदी-शाह जिम्मेदार हैं। राहुल गाँधी के इन विवादित बयानों की देशभर में कड़ी आलोचना की गई। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आपत्तिजनक और भड़काऊ बताते हुए, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की माँग की।
19 और 20 मई 2026 को राहुल गाँधी रायबरेली और अमेठी के दौरे पर थे। 20 मई को लोधवारी गाँव में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विवादित बयान दिया था।
कहाँ-कहाँ केस दर्ज किया गया राहुल के खिलाफ
राहुल गाँधी के खिलाफ पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को ‘गद्दार’ कहने पर कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए और केस दर्ज कराया गया। बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं का कहना है कि राहुल गाँधी की टिप्पणी से उनकी और देश के नागरिकों की भावनाएँ आहत हुई हैं। यह किसी एक या दो व्यक्तियों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी ही नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय अस्मिता के खिलाफ किया गया गंभीर अमर्यादित आचरण भी है।
इस मामले में दिल्ली के तिगड़ी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रवक्ता ने बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज करने की माँग की। रायबरेली में बीजेपी कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष बुद्धीलाल पासी के नेतृत्व में सदर कोतवाली पहुँचे और शिकायत दर्ज कराई। उनके खिलाफ लखनऊ में भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

