‘प्रधानमंत्री मोदी गद्दार हैं, अमित शाह गद्दार हैं’ : कॉन्ग्रेस MP राहुल गाँधी ने फिर से दिया विवादित बयान, ये भी कहा- कभी माफी नहीं माँगूँगा

कॉन्ग्रेस सांसद राहुल गाँधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के लिए विवादित बयान दिया है। रायबरेली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पीएम मोदी और अमित शाह को ‘गद्दार’ बताया। भाषण की वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

कॉन्ग्रेस नेता को इस वीडियो में कहते सुना जा सकता है- “आप लोगों का धन्यवाद करता हूँ कि इतनी धूप में आप लोग सुनने आए। मगर, अब जब आप घर जाओगे, आरएसएस के कार्यकर्ता आपके पास आएँगे- आपसे नरेंद्र मोदी की बात करेंगे, अमित शाह की बात करेंगे… उनसे आप सामने कहना कि आपका प्रधानमंत्री गद्दार है, आपका होम मिनिस्टर गद्दार है, आपका संगठन गद्दार है। आपने हमारे हिंदुस्तान को बेचने का काम किया है।”

आगे राहुल गाँधी ने कहा- इन लोगों ने हमारे संगठन और संविधान पर आक्रमण किया है। इन्होंने अंबेडकर पर आक्रमण किया है, वीर पासी पर आक्रमण किया है, गाँधी जी पर आक्रमण किया है।

ये विवादित बयान राहुल गाँधी देते हुए राहुल गाँधी ने ये भी कहा कि ऐसे बयानों के लिए उनसे कहा जाता है कि वो जाकर माफी माँगे लेकिन वो कभी माफी नहीं माँगेंगे उलटा हमेशा दोहराएँ कि मोदी-शाह गद्दार हैं। उन्होंने देश को अंबानी-अडानी को बेचा है।

बता दें कि राहुल गाँधी के इस बयान के बाद भाजपा नेता उनपर भड़के हुए हैं। शहजाद पूनावाला ने बयान के जवाब में कहा कि राहुल गाँधी द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द उनकी परवरिश को बताती है। कॉन्ग्रेस हमेशा पीएम मोदी का अपमान करती है क्योंकि वो ओबीसी समुदाय से आते हैं।