पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित RG कर मेडिकल कॉलेज रेप-मर्डर केस में बड़ा खुलासा हुआ है। पीड़िता की माँ और भाजपा विधायक रत्ना देबनाथ ने दावा किया है कि घटना के वक्त पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अबेश बनर्जी की मोबाइल टावर लोकेशन उसी अस्पताल में मिली थी।
पीड़िता की विधायक माँ ने CBI से माँग की है कि अबेश बनर्जी को तुरंत हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की जाए। इस बीच, CBI ने पानीहाटी के पूर्व TMC विधायक निर्मल घोष और चेयरमैन सोमनाथ डे से पूछताछ की है।
जाँच एजेंसी यह पता लगा रही है कि पीड़िता के शव को इतनी जल्दबाजी में क्यों जलाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, लेडी डॉक्टर की हत्या रात 12 से सुबह 6 बजे के बीच की गई थी। पीड़िता की विधायक माँ का आरोप है कि यह एक सुनियोजित हत्या थी। इसके अलावा, उन्होंने सवाल उठाया कि घटना के समय जो लोग अस्पताल के कस्टोडियन थे, उनसे पूछताछ क्यों नहीं हो रही है?

