वीर सावरकर पर टिप्पणी मामले में राहुल गाँधी की बढ़ सकती है मुसीबत, पुणे कोर्ट में की गई वॉयस सैंपल की माँग: जानें- क्या है पूरा मामला

विनायक दामोदर सावरकर मानहानि मामले में कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। सावरकर के परपोते सत्यकी सावरकर ने पुणे कोर्ट में एक नई अर्जी दाखिल कर राहुल गाँधी का वॉइस सैंपल लेने की माँग की है।

सत्यकी सावरकर का कहना है कि वीडियो रिकॉर्डिंग में सुनाई दे रही आवाज की वैज्ञानिक जाँच होनी चाहिए ताकि पुष्टि हो सके कि वह आवाज राहुल गाँधी की ही है। कोर्ट ने इस माँग पर राहुल गाँधी के वकील को अपना जवाब दाखिल करने को कहा है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 23 मार्च 2026 को होगी।

यह पूरा मामला पुणे की स्पेशल कोर्ट में चल रहा है। सत्यकी सावरकर के वकील ने दलील दी कि नई कानून संहिता (BNSS) के तहत मजिस्ट्रेट को वॉइस सैंपल लेने का पूरा अधिकार है। उनका कहना है कि यह जाँच पहचान की पुष्टि के लिए बहुत जरूरी है।

इस सैंपल को फॉरेंसिक लैब (FSL) भेजा जाना चाहिए ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। राहुल गाँधी पर आरोप है कि उन्होंने सावरकर के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। अब कोर्ट तय करेगा कि राहुल गाँधी को अपना वॉइस सैंपल देना होगा या नहीं।