विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ वृक्षारोपण अभियान-2026 के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से जल बचाने की अपील की। इस अभियान के तहत एक दिन में 5 करोड़ पौधे लगाए जाने हैं और प्रदेश में 35 करोड़ पेड़ लगाने की योजना है। साथ ही, सीएम योगी ने ‘महर्षि चरक औषधि वन’ की स्थापना की गई।
इस दौरान उन्होंने ‘हर घर नल योजना’ का जिक्र करते हुए मजाकिया अंदाज में कहा कि सरकार ने हर घर नल योजना को आगे बढ़ाया लेकिन कुछ लोग नलों की टोटी तक चोरी कर ले जाते हैं।
मुख्यमंत्री के इतना कहते ही कार्यक्रम में मौजूद लोग हंस पड़े और खुद योगी आदित्यनाथ भी मुस्कुराने लगे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से पर्यावरण संरक्षण के लिए पाँच संकल्प लेने की अपील की।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर यह 5 संकल्प लें… pic.twitter.com/S7YvZQnLtH
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) June 5, 2026
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी माँ के नाम पर कम से कम एक पेड़ जरूर लगाए और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। साथ ही जल संरक्षण को जीवन का हिस्सा बनाने, सार्वजनिक संपत्तियों को नुकसान पहुँचाने वालों को रोकने, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ता प्रदूषण, घटते जंगल और बिगड़ता पर्यावरणीय संतुलन पूरी दुनिया के लिए बड़ी चुनौती है। उन्होंने बताया कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं और यह अभियान जनभागीदारी से सफल हुआ है।

