उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में एक बस हादसे में बस चालक सज्जन खाँ और उनके 16 वर्षीय बेटे सुब्हान की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र के गौनेरा गाँव में रविवार (7 जून 2026) की रात करीब 11 बजे हुई, जब दोनों बरेली से बारात लेकर लौटे थे।
बारातियों को उतारने के बाद सज्जन खाँ बस को मोड़ रहे थे, तभी ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन बस की छत से टकरा गई। देखते ही देखते पूरी बस में करंट फैल गया और सज्जन ड्राइविंग सीट पर ही गंभीर रूप से झुलस गए। करंट का झटका इतना तेज था कि उनका शव सीट और स्टेयरिंग के बीच फंस गया।
वहीं गेट के पास खड़ा सुभान उछलकर बस से बाहर जा गिरा और गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद मौके पर पहुँचे ग्रामीणों ने बिजली विभाग को सूचना देकर लाइन बंद करवाई और दोनों को बाहर निकाला। सज्जन की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि सुभान को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे में बस के कुछ हिस्सों और सीटों को भी नुकसान पहुँचा। परिजनों के अनुसार, सज्जन ने करीब तीन वर्ष पहले कर्ज लेकर बस खरीदी थी और इसी से परिवार का गुजारा चलता था। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।

