गुस्साए लोगों ने तोड़ा TMC नेता जहाँगीर खान का दफ्तर, डंडे-हथौड़े लेकर पहुँचे लोग: पुलिस ने ‘पुष्पा’ को नेपाल बॉर्डर से किया है गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान चर्चा में आई फाल्टा से पूर्व TMC सांसद जहाँगीर खान की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। सोमवार (08 जून 2026) को ही पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने जहाँगीर खान को नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि वह नेपाल भागने की फिराक में था। अब जहाँगीर खान की गिऱफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने उसके दफ्तर में तोड़फोड़ की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ममता बनर्ज के भतीजे अभिषेक बनर्जी के डायमंड हार्बर क्षेत्र स्थित फाल्टा में जहाँगीर खान के दफ्तर का ताला तोड़कर स्थानीय लोग घुस गए। बताया गया कि लोगों में जहाँगीर खान के खिलाफ आक्रोश है। आक्रोशित लोगों ने दफ्तर में तोड़फोड़ की। दफ्तर में TMC के झंडे और चुनाव प्रचार की सामग्री के अलावा बड़ी संख्या में शराब की खाली बोतलें मिली हैं।

गौरतलब है कि बंगाल विधानसभा चुनाव में जहाँगीर खान ने फाल्टा सीट से चुनाव लड़ा था। मतदान के दिन इस क्षेत्र में EVM पर टेप, परफ्यूम और कई गड़बड़ियाँ मिली थीं, जिसके बाद चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान करने की घोषणा की थी। हालाँकि, इससे पहले ही TMC के उम्मीदवार जहाँगीर खान ने अपना नाम वापस ले लिया था और इसके बाद से वह अंडरग्राउंड चल रहा था।

जहाँगीर खान के खिलाफ हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और दंगा भड़काने समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। वह नेपाल बॉर्डर के पास रह रहा था, जहाँ पानीटंकी बाजार से STF और दार्जीलिंग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब मंगलवार (09 जून 2026) को जहाँगीर खान को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

बता दें कि जहाँगीर खान को ममता बनर्जी के भतीजी और TMC के सांसद अभिषेक बनर्जी का करीबी माना जाता है। जहाँगीर खान का यूपी के चर्चित IPS ऑफिसर अजयपाल शर्मा की चुनाव के दौरान तनातनी खूब चर्चा में रही थी। जहाँगीर खाने ने अजयपाल शर्मा को चुनौती देते हुए कहा था कि ‘वो सिंघम हैं तो मैं पुष्पा हूँ झुकूँगा नहीं।’