धमाकों से दहली सीरिया की राजधानी, इमैनुएल मैक्रों के दौरे के बीच दमिश्क में ब्लास्ट: जानें- क्या बोले फ्रांस के राष्ट्रपति

सीरिया दौरे पर पहुँचे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के ठहरने वाले होटल के पास मंगलवार (7 जुलाई 2026) को दो बम धमाके हुए। हालाँकि धमाकों के वक्त मैक्रों दमिश्क स्थित अपने होटल में मौजूद नहीं थे और सुरक्षित बच गए।

Reuters के मुताबिक, एक विस्फोट कूड़ेदान में रखे गए बम से हुआ, जबकि दूसरा एक वाहन में लगाए गए विस्फोटक से हुआ। धमाकों के बाद इलाके की सभी सड़कें बंद कर दी गईं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति भवन एलिसी पैलेस ने बताया कि धमाकों के समय मैक्रों होटल से निकलकर सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शारा से मिलने राष्ट्रपति भवन जा चुके थे। इसलिए उन्हें धमाकों की आवाज भी सुनाई नहीं दी। बाद में दोनों नेताओं की तय बैठक भी सामान्य रूप से हुई।

गौरतलब है कि मैक्रों 2024 में बशर अल-असद सरकार के पतन के बाद सीरिया का दौरा करने वाले यूरोपीय संघ के पहले राष्ट्राध्यक्ष हैं। इस दौरे का मकसद सीरिया के नए नेतृत्व के साथ रिश्ते मजबूत करना, क्षेत्रीय सुरक्षा और निवेश के मुद्दों पर चर्चा करना है। मैक्रों के साथ कई फ्रांसीसी कारोबारी भी पहुँचे हैं।