देहरादून में सुनाई पड़ा टुकड़े-टुकड़े गैंग जैसा ‘आजादी’ वाला राग: UKSSSC पेपर लीक मामले में साजिशकर्ता खालिद गिरफ्तार, CM धामी ने 100+ ‘नकल माफियाओं’ को जेल भेजा

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के ग्रेजुएशन लेवल एग्जामिनेशन पेपर लीक मामले में पुलिस ने साजिशकर्ता खालिद मलिक को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस खालिद मलिक को देहरादून लाने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में कई और लोग शामिल हो सकते हैं और उनकी गिरफ्तारी के बाद ही पूरा सच सामने आ सकेगा। पेपर लीक के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों के बीच देहरादून में ‘छीनकर लेंगे आजादी’ जैसे नारे लगाए जा रहे हैं, जो कुछ साल पहले दिल्ली के JNU परिसर में लगाए गए थे।

पेपर लीक का खुलासा और जाँच

जाँच के दौरान पता चला कि आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज बहादरपुर जट परीक्षा केंद्र से पेपर लीक हुआ था। केंद्र में कुल 18 कमरे थे, लेकिन 3 कमरों में जैमर (रेडियो फ्रीक्वेंसी पर सिग्नल भेजने वाला टूल) नहीं थे और खालिद मलिक उसी 3 कमरों में से किसी एक में बैठकर परीक्षा दे रहा था। खालिद ने एक डिवाइस का इस्तेमाल करते हुए प्रश्न पत्र अपनी बहन साबिया को भेजा, जिसने इसे प्रोफेसर सुमन चौहान तक पहुँचाया। खालिद की दूसरी बहन हीना और प्रोफेसर सुमन चौहान पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले में जैमर टीम और परीक्षा केंद्र के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है।

इसके अलावा, पेपर लीक के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों के बीच एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ प्रदर्शनकारी ‘छीनकर लेंगे आजादी’ के नारे लगा रहे हैं। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा है कि उत्तराखंड के युवा पेपर लीक के खिलाफ सड़कों पर हैं। वे बीजेपी और कॉन्ग्रेस दोनों का विरोध कर रहे हैं और उन पर दशकों से युवाओं का खून चूसने का आरोप लगा रहे हैं।

मुख्यमंत्री का सख्त संदेश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पेपर लीक को ‘नकल जिहाद‘ बताते हुए इस पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। सीएम धामी ने कहा है कि जो भी युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने नकल माफियाओं से निपटने के लिए सख्त कानून लागू किया है। इसके तहत अब तक 100 से ज्यादा नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार नकल माफियाओं के गठजोड़ को पूरी तरह से खत्म करके रहेगी।