अमेरिका के न्यूयॉर्क में स्वतंत्रता दिवस (4 जुलाई 2026) के जश्न के दौरान फायरिंग का मामला सामने आया है। न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन इलाके के कोनी आइलैंड में हुई फायरिंग में कम से कम आठ लोग घायल हो गए। घायलों में चार बच्चे भी शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार (4 जुलाई 2026) की रात करीब 10:37 बजे वेस्ट 31st स्ट्रीट पर गोली चलने की सूचना मिली, जिसके बाद न्यूयॉर्क पुलिस (NYPD) मौके पर पहुँची। घायलों में 37 और 33 साल के दो पुरुष, 25 और 21 साल की दो महिलाएँ, जबकि 14, 12, 7 और 6 साल के चार बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुँचाया गया।
पुलिस ने बताया कि सात घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है, जबकि 21 साल की महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटनास्थल से पुलिस ने एक हथियार भी बरामद किया है। हालाँकि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस हमले के कारण और आरोपितों की पहचान करने के लिए जाँच में जुटी है।

