उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से दिल्ली जा रही स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार (11 जून 2026) शाम फिरोजाबाद के पास पथराव किए जाने की घटना सामने आई है। खास बात यह है कि जिस ई-1 कोच पर पत्थर लगा, उसी कोच में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत भी यात्रा कर रहे थे।
पत्थर लगने से कोच की एक खिड़की का शीशा टूट गया। हालाँकि, इस घटना में मोहन भागवत समेत किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, स्वर्ण शताब्दी एक्सप्रेस गुरुवार दोपहर लखनऊ से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी।
शाम करीब सात बजे फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन से पहले पेमेश्वर गेट के पास ट्रेन पर अचानक पथराव हुआ। एक पत्थर सीधे E-1 कोच की खिड़की से टकराया, जिससे शीशा चकनाचूर हो गया। संघ प्रमुख के उसी कोच में मौजूद होने की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ और सुरक्षा एजेंसियाँ सतर्क हो गई।
घटना की सूचना तुरंत कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। ट्रेन के टूंडला जंक्शन पहुँचने से पहले ही RPF और GRP की टीम मौके पर पहुँच गई और कोच की जाँच की गई। इसके बाद ट्रेन को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।
पुलिस और खुफिया विभाग ने आसपास के क्षेत्र के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। शुरुआती जाँच में किसी नशे में धुत व्यक्ति द्वारा पत्थर फेंके जाने की आशंका जताई गई है। एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस साल मोहन भागवत की यात्रा के दौरान ट्रेन पर पथराव की यह दूसरी घटना है।

