दिग्गज शूटर जसपाल राणा का निधन, 49 साल की उम्र में ली आखिरी साँस: मनु भाकर थे कोच, PM मोदी ने जताया शोक

भारतीय शूटिंग जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। एशियाई खेलों के गोल्ड मेडल विजेता, दिग्गज निशानेबाज और प्रसिद्ध शूटिंग कोच जसपाल राणा का 49 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने शुक्रवार (12 जून 2026) सुबह दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स हॉस्पिटल में अंतिम साँस ली। उनके निधन की खबर से खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

बताया जा रहा है कि जसपाल राणा हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख शहर में आयोजित आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में भारतीय दल के साथ गए थे। भारत लौटने के दौरान फ्लाइट में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। दिल्ली पहुँचने के बाद उन्हें तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहाँ डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान में ही जसपाल को असहज महसूस होने लगा था और जाँच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें स्टेंट भी डाला लेकिन तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जसपाल राणा केवल एक बेहतरीन शूटर ही नहीं बल्कि भारत के सफल कोचों में भी गिने जाते थे। वे जूनियर टीम के कोच और हाई परफॉर्मेंस ट्रेनर के रूप में काम कर रहे थे। फरवरी 2025 में उन्हें 25 मीटर पिस्टल वर्ग के लिए भारत का हाई परफॉर्मेंस कोच नियुक्त किया गया था। उनके मार्गदर्शन में भारतीय स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में दो पदक जीतकर इतिहास रचा था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राणा के निधन पर शोक जताया है। प्रधानमंत्री मोदी ने X पर लिखा, “जसपाल राणा के निधन से गहरा दुख हुआ। उनका निधन भारतीय खेल जगत के लिए बड़ा झटका है।”