उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के बिलारी क्षेत्र में हिंदू छात्रा को जबरन बुर्का पहनाने और धर्मांतरण के दबाव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 17 वर्षीय आरोपित मुस्लिम छात्रा को हिरासत में ले लिया है। शुक्रवार (27 मार्च 2026) को पुलिस ने छात्रा को किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया, जहाँ से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।
इस मामले में 22 जनवरी 2026 को FIR दर्ज की जा चुकी थी और अन्य आरोपित छात्राओं की तलाश जारी है। पीड़ित छात्रा के भाई की शिकायत पर यह मामला सामने आया था। आरोप है कि छात्रा की 5 मुस्लिम सहेलियों ने मिलकर उस पर धर्मांतरण का दबाव बनाया था। इस बीच उसे कई बार बुर्का पहनाया गया और मांस खाने के लिए भी मजबूर किया गया।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आया और स्थानीय संगठनों ने जाँच की माँग की थी। जाँच में सामने आया कि घटना दिसंबर महीने की है, जब छात्रा कोचिंग से लौट रही थी। रास्ते में उसकी सहेलियों ने उसे रोककर बहलाने-फुसलाने की कोशिश की और जबरन बुर्का पहनाया।
पीड़ित के भाई का आरोप है कि उसकी बहन का लंबे समय से ब्रेनवॉश किया जा रहा था। भाई ने बताया था कि एक बार ये लड़कियाँ उसकी बहन को रेस्टोरेंट ले गईं और खाने में कुछ नशीला पदार्थ मिला दिया। इसके बाद से छात्रा का सिर भारी रहने लगा और उसने घर वालों की बात मानना बंद कर दिया था।

