विपक्ष मचाता रहा हल्ला, लोकसभा में पारित हो गया ‘विकसित भारत-जी राम जी’ विधेयक: केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने सवाल उठाने वालों को दिया करारा जवाब, कॉन्ग्रेसियों को लताड़ा

‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) – VB-G RAM G’ विधेयक 2025 गुरुवार (18 दिसंबर 2025) को लोकसभा में पारित हो गया। इस दौरान विपक्ष ने सदन में खूब हंगामा करते हुए नारे लगाए और विधेयक की कॉपियाँ फाड़कर स्पीकर की कुर्सी की ओर फेंकी।

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष के आरोपों पर कहा, “MNREGA में महात्मा गाँधी का नाम 2009 के चुनावों को ध्यान में रखकर जोड़ा गया था।” उन्होंने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि सरकार ने किसी प्रकार से महात्मा गाँधी का अपमान नहीं किया है।

इस पर सीनियर बीजेपी नेताओं ने कॉन्ग्रेस नेता प्रियंका गाँधी की आलोचना का जवाब देते हुए कहा कि मोदी सरकार ने कल्याणकारी योजनाओं के नाम बदलने में किसी भी तरह की मनमर्जी नहीं की है और उन्होंने नेहरू-गाँधी के नाम पर चल रही योजनाओं की सूची भी गिनाई।

विपक्षी सांसदों ने हंगामा करते हुए विधेयक के विरोध में न सिर्फ नारे लगाए बल्कि विधेयक की कॉपियाँ फाड़ी और स्पीकर की कुर्सी की ओर फेंकी। इसके अलावा, उन्होंने संसद परिसर के भीतर विरोध मार्च भी निकाला। कॉन्ग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसे गाँधी का अपमान और ग्रामीण भारत में सामाजिक-आर्थिक बदलाव लाने वाले कानून पर हमला बताया।