‘मेरी बेटी को गोद ले लीजिए’: CJP के प्रदर्शन में गाली देने वाली लड़की की माँ ने PM से की अपील, बोलीं- आपने उसे जीवनदान दिया

जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाली लड़की की माँ ने मीडिया से बातचीत है। इस बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने बच्चों को माफ कर बड़ा दिल दिखाया है।

महिला ने भावुक अपील करते हुए कहा कि जैसे प्रधानमंत्री गाँवों को गोद लेकर उनका भविष्य संवारते हैं, वैसे ही उनकी बेटी को भी गोद ले लें ताकि उसे भी परिवार जैसा स्नेह और बेहतर भविष्य मिल सके।

PM मोदी ने मेरी बेटी को जीवनदान दिया

PTI से बातचीत में लड़की की माँ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी बेटी को माफ कर उसे नया जीवन दिया है। उन्होंने कहा, “आप देश के गाँव-गाँव को गोद ले रहे हैं। आप इस बच्ची को भी गोद ले लें। इस बच्ची को भी परिवार का प्यार मिले। हमसे गलती हुई है और माफी भी माँग रहे हैं। आखिर हम कैसे बताएँ कि हमें सच में अपनी गलती का अहसास है।”

महिला ने कहा कि जिस दिन यह बयान सामने आया, उसी दिन उनकी बेटी का जन्मदिन भी था और प्रधानमंत्री की ओर से मिली माफी उसके लिए किसी नए जन्म से कम नहीं है। उन्होंने कहा, “पीएम मोदी देश के राजा हैं। उन्होंने इतना महान काम किया है। उन्होंने अपनी महानता दिखाते हुए देश की बेटी को माफ किया है। मेरा हाथ जोड़ के धन्यवाद। आज इस बच्ची का जन्मदिन है और पीएम मोदी ने उसे जीवनदान दिया है। इसका नया जन्म हुआ है।”

FIR, पुलिस कार्रवाई और इंस्टाग्राम पर उठाए सवाल

लड़की की माँ ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी नाबालिग है, लेकिन FIR में उसकी उम्र गलत दर्ज की गई है। उन्होंने कहा, “मेरी बेटी की नाबालिग है, लेकिन उसकी गलत उम्र लिखकर FIR दर्ज की गई है।” उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि इस मामले में दर्ज FIR को रद्द कराया जाए।

उन्होंने कहा, “हमारे घर पर पुलिस आ रही है। गाड़ियाँ भर-भरकर लोग आ रहे हैं। आखिर हम कैसे माफी माँगें। हम कैसे समझाएँ कि हमें अपनी गलती का अहसास है। मेरी पीएम मोदी से माँग है कि इस बच्ची के खिलाफ गलत उम्र लिखकर FIR दर्ज की गई है। कृपया उस FIR को खारिज करें।”

सोशल मीडिया को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा, “मैं इंस्टा नहीं चलाती हूँ। मैंने जब पहली बार सुना तो दुख हुआ। देश के बहुत सारे बच्चे ही इस अवस्था में आ चुके हैं कि गलत भाषा का इस्तेमाल करते हैं। मेरी माँग है कि 10 से 20 साल की आयु के बच्चों के लिए इंस्टाग्राम बैन कर दिया जाए। ऐसे बच्चों को किसी आंदोलन में भी न जाने दिया जाए। इन बच्चों को पता नहीं है कि किसी से कैसे बात करनी है। इन लोगों का इस्तेमाल हो जाता है और कोई भी कुछ भी बोल देता है।”

PM मोदी ने बच्चों को माफ करने की कही थी बात, लड़की ने भी माँगी माफी

इस पूरे मामले से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश में कहा था कि बेटियों द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल चिंता का विषय है, लेकिन ऐसे गुमराह बच्चों को माफ कर उन्हें सही रास्ता दिखाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाज में आक्रोश स्वाभाविक है, लेकिन यह समय बच्चों को अपनाने और उन्हें सही दिशा देने का है।

प्रधानमंत्री के बयान के बाद संबंधित लड़की ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर देश से माफी माँगी। उसने कहा, “मैं अपने दोस्तों के साथ सीपी (कनॉट प्लेस) गई थी, जहाँ प्रदर्शन हो रहा था। वहाँ लोग बहुत चीजें बोल रहे थे। प्रधानमंत्री जी को बहुत गालियाँ दे रहे थे। उन लोगों के बहकावे में आकर मैंने वे सब चीजें बोलीं।”

लड़की ने आगे कहा, “मैं अभी मात्र 15 साल की हूँ। मैंने जो किया वह माफी के लायक नहीं है। मैंने बहुत गंदी चीजें बोलीं। लेकिन यह मेरी पहली और आखिरी गलती होगी, इसके बाद मैं ऐसा कुछ नहीं करूँगी। न ही वो चीज मैंने कभी पोस्ट की थी। मैं पूरे देश से माफी माँगती हूं। मैं इतनी शर्मिंदा हूँ कि अपनी नजरें भी नहीं उठा पा रही हूँ।”

गौरतलब है कि इस मामले में 29 जुलाई को गाजियाबाद निवासी स्मृति सिंह की शिकायत पर जीरो FIR दर्ज की गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पीएम के खिलाफ अभद्र और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुँची। बाद में पुलिस ने जाँच के लिए यह मामला दिल्ली पुलिस को स्थानांतरित कर दिया।