बंगाल में सत्ता बदलते ही बदला सरकारी बसों का रंग, लाल और नीले के बाद अब भगवा रंग में दिखेंगी: पढ़ें- वॉटरमार्क समेत हुए कौन-कौन से बदलाव

पश्चिम बंगाल में सरकार बदलने के बाद अब सरकारी बसों का रंग भी बदलने लगा है। राज्य में अब बसें भगवा और सफेद रंग में नजर आने लगी हैं। नई रंग वाली बसों की शुरुआत सोनारपुर से न्यूटाउन के बीच चलने वाली AC-58 बस सेवा से हुई है।

इसके साथ ही अब सरकारी बसों के ई-टिकट पर दिखने वाला डिजिटल वाटरमार्क भी नीले से बदलकर भगवा कर दिया गया है। परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह का कहना है कि यह बदलाव आधुनिक और पर्यावरण के अनुकूल बसों की नई पहचान है।

हालाँकि, विभाग ने अभी तक इसके लिए कोई परमानेंट सरकारी नीति घोषित नहीं की है। बंगाल की राजनीति बदलने के साथ बसों का रंग बदलने का यह पुराना इतिहास रहा है। वामपंथी सरकार के समय बसें लाल रंग की होती थीं। इसके बाद ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री बनने पर बसों को नीला-सफेद कर दिया गया था।

अब भाजपा सरकार के आने पर इन्हें भगवा-सफेद किया जा रहा है। इस बदलाव पर आम यात्रियों और बस संगठनों का कहना है कि सरकार को बसों का रंग बदलने के बजाय उनकी संख्या बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। लोगों के लिए बस का रंग नहीं, बल्कि समय पर बस का मिलना ज्यादा जरूरी है।