TMC के ‘भ्रष्टाचार’ का एक और अध्याय, पूर्व MLA रामेंदु रॉय के घर के पास मिला सरकारी राहत सामग्री का जखीरा: भारी मात्रा में लाठी-डंडे भी बरामद

पश्चिम बंगाल में सरकारी राहत सामग्री की जमाखोरी को लेकर तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) नेताओं पर सवाल लगातार गहराते जा रहे हैं। हुगली जिले के तारकेश्वर में पुलिस ने पूर्व TMC विधायक रामेंदु सिंह रॉय के आवास के पास स्थित एक कॉलेज परिसर में छापेमारी की, जहाँ से बड़ी मात्रा में सरकारी राहत सामग्री बरामद की गई।

कार्रवाई के दौरान लाठी-डंडों का भी जखीरा मिला है। स्थानीय BJP विधायक संतु पान ने आरोप लगाया कि बरामद की गई लाठियाँ सामान्य उपयोग की नहीं थीं और उनका इस्तेमाल लोगों को डराने-धमकाने या हिंसक गतिविधियों में किया जा सकता था। उन्होंने दावा किया कि राहत सामग्री को इधर-उधर ले जाने की कोशिश की जा रही थी।

उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच जरूरी की माँग की है। भाजपा का आरोप है कि आपदा प्रभावित लोगों के लिए भेजी गई सामग्री जरूरतमंदों तक पहुँचने के बजाय राजनीतिक संरक्षण में छिपाकर रखी गई। इस बीच राज्य के अन्य हिस्सों से भी ऐसे मामले सामने आने के बाद TMC नेताओं की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

इससे पहले पूर्व बर्धमान जिले में TMC विधायक तपन चटर्जी के घर पर छापेमारी कर उन्हें गिरफ्तार किया गया था। तलाशी के दौरान उनके घर से बड़ी संख्या में तिरपाल, कंबल, फुटबॉल, वॉलीबॉल और अन्य सामान बरामद हुआ था।