महाराष्ट्र के नवी मुंबई से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 23 वर्षीय एक महिला ने अपने नवजात बेटे की जन्म के महज पाँच दिन बाद गला दबाकर हत्या कर दी। महिला का कहना है कि वह बच्चे की जिम्मेदारी उठाने में खुद को असमर्थ महसूस कर रही थी। मामले में पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जाँच में सामने आया है कि आरोपित महिला अश्विनी चंदनशिवे को अपनी गर्भावस्था का पता तब चला था जब गर्भ करीब सात महीने का हो चुका था। इसके बाद उसने गर्भपात कराने के लिए एक स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क किया लेकिन गर्भावस्था लगभग 28 सप्ताह की होने के कारण डॉक्टर ने मेडिकल टर्मिनेशन करने से इनकार कर दिया।
महिला पहले से 18 महीने की एक बेटी की माँ है। पुलिस के मुताबिक, वह दूसरे बच्चे के पालन-पोषण को लेकर मानसिक दबाव में थी।
भाभी के घर हुई घटना, पति था बाहर
अश्विनी ने 3 जून 2026 को वाशी स्थित एक नगर निगम अस्पताल में बेटे को जन्म दिया था। चार दिन बाद अस्पताल से छुट्टी मिलने पर वह अपनी भाभी अश्विनी साईनाथ सूर्यताले के घर रहने चली गई। घटना के समय उसका पति, जो पेशे से ड्राइवर है, घर से बाहर था।
पुलिस के अनुसार, 8 जून को जब उसकी भाभी काम से वापस लौटीं तो नवजात बच्चे को अचेत अवस्था में पाया। पूछताछ के दौरान महिला ने स्वीकार किया कि उसने बच्चे का गला दबा दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की और हत्या का मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया।

