मेक्सिको के दक्षिणी राज्य ओआक्साका के सैन पेड्रो हुआमेलुला कस्बे में एक मेयर ने परंपरा निभाते हुए एक कैमन मगरमच्छ (घड़ियाल जैसी प्रजाति) से प्रतीकात्मक शादी की। यह अनोखी रस्म देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे।
पूरे कस्बे में ढोल-नगाड़ों, पारंपरिक संगीत और डांस के साथ जुलूस निकाला गया। यह परंपरा करीब 230 साल से चली आ रही है और स्थानीय लोगों का मानना है कि इससे अच्छी बारिश होती है, खेती लहलहाती है और मछली पकड़ने का काम भी फलता-फूलता है।
स्थानीय परंपरा के अनुसार, इस मादा कैमन को ‘ला नीना प्रिंसेसा’ कहा जाता है। शादी से पहले उसे पारंपरिक कढ़ाई वाले कपड़े पहनाए जाते हैं और मुख्य समारोह के दौरान सफेद ब्राइडल गाउन पहनाया जाता है। सुरक्षा के लिए जुलूस के दौरान उसके मुँह को बाँध दिया जाता है।
मेक्सिको : दक्षिणी ओआक्साका प्रांत के एक मेयर ने एक मादा मगरमच्छ से रचाई शादी
— News24 (@news24tvchannel) July 6, 2026
◆ मेयर विक्टर एगुइलर ने की मगरमच्छ से शादी
◆ शादी में मगरमच्छ को दुल्हन की तरह सजाया गया और मेयर अपनी दुल्हन को बार बार किस करते नजर आए
◆ ये शादी एक परंपरा के तहत की गई है#Maxico | Maxico pic.twitter.com/KDTBtjregC
यह शादी कानूनी नहीं, बल्कि पूरी तरह प्रतीकात्मक होती है। मेयर यहाँ चोंटल समुदाय के प्रतिनिधि की भूमिका निभाते हैं। माना जाता है कि यह रस्म चोंटल और हुआवे समुदायों के बीच एकता, शांति और सहयोग का प्रतीक है।
एंथ्रोपॉलजिस्ट के अनुसार, इस परंपरा की जड़ें प्राचीन जनजातीय मान्यताओं में हैं, जहाँ जानवरों को प्रकृति, पानी और खेती से जुड़ी आध्यात्मिक शक्तियों का प्रतीक माना जाता था। आज भी यह अनोखी परंपरा स्थानीय पहचान का अहम हिस्सा है।

