Friday, March 21, 2025

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम का पोस्टर देख कसमसाई ‘द वायर’ वाली आरफा खानुम, बोली- बिना संविधान बदले ही देश बन रहा हिन्दू राष्ट्र

दिल्ली विश्वविद्यालय के दौलत राम कॉलेज में अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के एक वर्ष पूरा होने पर 22 जनवरी, 2025 को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सुंदरकांड का पाठ और यज्ञ तथा ब्रेल रामचरित मानस का विमोचन भी हुआ। लेकिन इस कार्यक्रम पर लगातार झूठ फैलाने वाले पोर्टल की आरफा खानुम शेरवानी गुस्सा हो गईं।

आरफा ने दावा किया कि दौलत राम कॉलेज में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा पर कार्यक्रम करने से देश हिन्दू राष्ट्र में तब्दील हो गया है। उनका कहना था कि बिना संविधान बदले ही देश को हिन्दू राष्ट्र बनाया जा रहा है। हालाँकि, इससे पहले AMU या जामिया में रमजान के कार्यक्रमों पर आरफा ने ऐसा ट्वीट नहीं किया।

आरफा ने ट्विटर पर लिखा, “हमारे प्यारे देश में हालात! उन्हें (सरकार को) संविधान में बदलाव करके औपचारिक रूप से इसे धार्मिक देश में बदलने की जरूरत नहीं है। लगातार सरकारी संस्थाएँ एक ही धर्म की सर्वोच्चता स्थापित कर रही हैं। अब यह जीता जागता ‘हिंदू राष्ट्र’ है।”