करनाल से 17 बांग्लादेशी गिरफ्तार, अलग-अलग फैक्ट्रियों में काम करके छिपा रखी थी पहचान: शक होने पर पुलिस ने दबोचा, ‘ऑपरेशन पुशबैक’ अब भी चालू

हरियाणा के करनाल जिले में पुलिस ने 17 बांग्लादेशी घुसपैठियों को पकड़ा है। बुधवार (16 जुलाई 2025) को घरौंडा इलाके में एक गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। पकड़े गए घुसपैठियों में दो महिलाएँ भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, ये सभी घुसपैठिए घरौंडा की अलग-अलग फैक्ट्रियों में काम कर रहे थे। पुलिस ने इन्हें हिरासत में लेकर करनाल मुख्यालय भेज दिया है। घरौंडा थाना प्रभारी ने बताया कि इन लोगों को शक के आधार पर पकड़ा गया है और इनमें से 12-13 लोग बांग्लादेशी घुसपैठिए हो सकते हैं।

रिपोर्ट में बताया गया है कि जाँच पूरी होने और नागरिकता तय होने के बाद इन सभी को वापस उनके देश भेजा जाएगा। हरियाणा सरकार और पुलिस विभाग को पहले से ही घरौंडा में बांग्लादेशी घुसपैठियों के होने की जानकारी मिली थी।

फिलहाल, पुलिस उनके दस्तावेजों और ठिकानों की जाँच कर रही है। पुलिस ने यह भी कहा कि जिन फैक्ट्री मालिकों ने बिना पुलिस को बताए इन लोगों को काम पर रखा था, उनसे भी पूछताछ की जा रही है।