उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने रावतपुर थाना क्षेत्र में बारावफात के दौरान माहौल बिगाड़ने के आरोप में 25 लोगों पर केस दर्ज किया है। इनमें 8 नामजद और 15 अज्ञात आरोपित शामिल हैं।
मामला 4 सितंबर 2025 का है, जब रावतपुर के सैय्यद नगर इलाके में रामनवमी शोभायात्रा गेट के सामने अचानक आई लव मोहम्मद का साइन बोर्ड लगाया गया। इससे विवाद खड़ा हो गया और हिंदू संगठनों ने इसका कड़ा विरोध जताया।
इसके बाद मौके पर पुलिस पहुँची और तनाव को देखते हुए साइन बोर्ड तुरंत हटवाया गया। इस दौरान बारावफात जुलूस में शामिल कुछ युवकों पर धार्मिक पोस्टर फाड़ने का भी आरोप लगा, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती थी।
दरोगा पंकज शर्मा की तहरीर और CCTV फुटेज की जाँच के बाद पुलिस ने शराफत हुसैन, सबनूर आलम, बाबू अली, मोहम्मद सिराज खजूर, रहमान, इकराम अहमद, इकबाल, बंटी और कुन्नू कबाड़ी को नामजद आरोपित बनाया है।
इनके अलावा 15 अज्ञात लोगों को भी मुकदमे में शामिल किया गया है। थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि आरोपितों ने जानबूझकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की थी। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

