जुमे की नमाज के बाद ‘I Love Muhammad’ को लेकर इस्लामी कट्टरपंथियों का बवाल, दंगाइयों ने किया पथराव: बरेली पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, तौकीर रजा के कहने पर इकट्ठा हुई थी भीड़

उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार (26 सितंबर 2025) को जुमे की नमाज के बाद ‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर बवाल हो गया है। बरेली में कुछ लोग इस्लामिया मैदान में जाने की जिद कर रहे थे और पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी तो कट्टरपंथियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए दंगाइयों पर लाठीचार्ज कर दिया और उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है। शहर के अलग-अलग इलाकों में आई लव मोहम्मद लिखे पोस्टर बैनर लेकर सैकड़ों लोग सड़कों पर उतरे थे।

दरअसल, इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने मुस्लिमों से इस्लामिया ग्राउंड में प्रदर्शन करने की अपील की थी। इसके बाद भीड़ सड़क पर उतर आई और इस्लामिया मैदान जाने की जिद पर अड़ गई। पुलिस ने जब भीड़ को समझाने की कोशिश की तो मजहबी नारे लगाए गए और भीड़ पुलिस से उलझ गई।

पुलिस के बार-बार समझाने के बाद भी भीड़ बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने लगी और कुछ देर में पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आँसू गैस के गोले दागे जाने की भी खबरें हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा को हिरासत में ले लिया है और अब पूरे बरेली में फोर्स मार्च कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी है। साथ ही, अन्य जिलों की फोर्स को भी बरेली में बुलाया गया है।