‘मौलाना भूल गया है UP में सत्ता किसकी है’: बरेली में I love Muhammad पर बवाल मामले में CM योगी ने चेताया, बोले- ऐसा सबक सिखाएँगे पीढ़ियाँ दंगा करना भूल जाएँगी

‘आई लव मोहम्मद’ विवाद के बीच यूपी के कई जिलों जैसे कानपुर, उन्नाव, मुरादाबाद, बरेली और मऊ में हुए मुस्लिम समुदाय के उग्र प्रदर्शनों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सख्त नाराजगी जताई है। सीएम ने कहा है कि उपद्रवियों के खिलाफ तुरंत और निर्णायक कार्रवाई की जाए, एक भी दोषी बचना नहीं चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार (26 सितंबर 2025) की रात कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह सब प्रदेश का माहौल बिगाड़ने की सुनियोजित साजिश है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बरेली हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘कल बरेली में एक मौलाना भूल गया कि राज्य में सत्ता किसकी है. उसे लगा कि वो जब चाहे व्यवस्था को रोक सकता है, लेकिन हमने साफ कर दिया कि न तो नाकाबंदी होगी और न ही कर्फ्यू। हालाँकि हमने जो सबक सिखाया है, उससे आने वाली पीढ़ियाँ दंगे करने से पहले दो बार सोचेंगी।

सीएम ने स्पष्ट रुप से कहा कि अपराधियों के लिए सरकार की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति है और नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही, गायों की तस्करी और अवैध बूचड़खानों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि हर ऐसे मामले में तत्काल FIR दर्ज की जाए, आयोजकों और मास्टरमाइंड की पहचान की जाए और उनकी संपत्ति तक की जाँच हो। सीएम योगी ने अधिकारियों को कहा कि दशहरा बुराई के अंत का पर्व है, कार्रवाई के लिए यही सही समय है, किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

मेरठ और संभल में हाल ही में हुई छेड़खानी, एसिड अटैक और चेन स्नैचिंग की घटनाओं पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और थानों से लेकर पीआरवी तक की जवाबदेही तय करने को कहा। बैठक में गरबा-डांडिया जैसे धार्मिक आयोजनों में बाहरी लोगों की घुसपैठ को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।