5 लाख ग्रेजुएट्स को भत्ता, 1200 नई लैब्स और हाई-टेक हब बनने जा रहे 1000 ITI: PM मोदी युवाओं को देंगे ₹62000 करोड़ की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (4 अक्टूबर 2025) को सुबह 11 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एक बड़ा कार्यक्रम करेंगे। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी युवाओं के विकास से जुड़ी कई ऐतिहासिक योजनाओं की शुरुआत करेंगे। इन योजनाओं पर 62,000 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च होंगे, जिससे देश भर में शिक्षा, कौशल (स्किल) और बिजनेस को मजबूती मिलेगी।

युवाओं को सम्मान और ITI को अपग्रेड

इस मौके पर चौथा राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह भी होगा। इसमें देश भर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI) के 46 टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। प्रधानमंत्री 60,000 करोड़ रुपए की पीएम-सेतु योजना भी शुरू करेंगे। इस योजना से 1000 सरकारी ITI को हब-एंड-स्पोक मॉडल पर अपग्रेड किया जाएगा।

इसमें 200 हब और 800 स्पोक ITI होंगे। हर हब आईटीआई करीब 4 स्पोक से जुड़ेगा। इन संस्थानों में आधुनिक सुविधाएँ, डिजिटल पढ़ाई, नई तकनीकी ट्रेनिंग और इनक्यूबेशन सेंटर मिलेंगे। इन संस्थानों को बड़ी इंडस्ट्री पार्टनर्स चलाएँगी, ताकि युवाओं को बाजार की जरूरत के हिसाब से कौशल मिल सके।

बिहार के लिए खास सौगातें

पहले चरण में पटना और दरभंगा के ITI पर खास ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री बिहार की मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना में बदलाव करके फिर से शुरू करेंगे। इसके तहत 5 लाख ग्रेजुएट्स को 2 साल तक हर महीने 1000 रुपए भत्ता मिलेगा।

साथ ही, वह बिहार में जननायक कर्पूरी ठाकुर कौशल विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगे। यह युवाओं को इंडस्ट्री के लायक शिक्षा देगा। वह बिहार के 4 विश्वविद्यालयों में नई शैक्षणिक और रिसर्च सुविधाओं की आधारशिला भी रखेंगे। पटना के पास बिहटा में एनआईटी पटना के नए कैंपस का उद्घाटन भी किया जाएगा।

देशभर में नई लैब का उद्घाटन

प्रधानमंत्री देश भर के 34 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बने 1,200 व्यावसायिक कौशल प्रयोगशालाओं (Vocational Skill Labs) का उद्घाटन करेंगे। ये प्रयोगशालाएँ नवोदय विद्यालयों और एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों में बनाई गई हैं।