कफ सिरप पीने से 11 बच्चों की मौत मामले में डॉक्टर गिरफ्तार, खाँसी आने पर ज्यादातर को इसी ने बताई थी जहरीली दवा: कोल्डरिफ बनाने वाली फार्मा कंपनी पर भी एक्शन

कफ सिरप पीने से हुई 11 बच्चों की मौत मामले में मध्यप्रदेश प्रशासन ने कार्रवाई की है। यहाँ छिंदवाड़ा में पुलिस ने बीमार बच्चों को दवा लिखने वाले डॉक्टर प्रवीण सोनी को गिरफ्तार कर लिया है। सामने आया है कि कप सिरप पीने से जितने बच्चों की मौत हुई उनमें से ज्यादातर को ये दवाई डॉक्टर प्रवीण सोनी ने ही लिखी थी।

शनिवार (4 अक्तूबर 2025) को परासिया थाना में कोल्डरिफ सिरप बनाने वाली कंपनी Sresun के संचालकों के विरुद्ध एफआईआर हुई और डॉक्टर प्रवीण के विरुद्ध भी केस दर्ज हुआ। ये शिकायत परासिया सीएचसी से बीएमओ अंकित सहलाम ने की। इसके बाद ड्रग्स एंव कॉस्मेटिक एक्ट की धारा 27 (ए), बीएनएस की धारा 105 और 276 के तहत केस दर्ज हुआ है।

बता दें कि बच्चों की मौत के मामले आने के बाद सीएम मोहन यादव ने मध्यप्रदेश में इस सिरप को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस बीच ये भी जानकारी सामने आई है कि मध्यप्रदेश, राजस्थान, केरल समेत अन्य राज्यों में सप्लाई होने वाली इस दवा का निर्माण कांचीपुरम फैक्ट्री में हुआ था। अब हर राज्य का प्रशासन मामले में स्थानीय कार्रवाई कर रहा है जबकि जाँच टीमें अपनी पड़ताल में जुटी हैं।