उत्तर बंगाल और सिक्किम में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। सबसे ज्यादा असर दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और सिक्किम में देखा जा रहा है। मिरिक, सुकिया और आसपास के इलाकों में जगह-जगह भूस्खलन हुआ है।
अब तक दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों में भूस्खलन और बाढ़ से 14 लोगों की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 5 लोगों की मौत मिरिक में हुई जबकि जोरबंगला से 4, शुखियापोखरी से 2 और दार्जिलिंग सदर व पुल बाजार से 1-1 मौत की खबर है। प्रशासन को आशंका है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारी बारिश के चलते बालासन नदी पर दूधिया स्थित लोहे का पुल बह गया है, जिससे सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच संपर्क टूट गया है और वाहन आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय लोग डरे हुए हैं। गारिधुरा पुलिस चौकी की टीम मौके पर हालात पर नजर रखे हुए है।
वहीं नेशनल हाईवे 717E पर पेडोंग और रिशिखोला के बीच भूस्खलन के कारण सिलीगुड़ी और सिक्किम को जोड़ने वाला वैकल्पिक रास्ता बंद हो गया है। इसके अलावा हुसैन खोला और एनएच-110 (कर्सियांग के पास) पर भी भूस्खलन हुआ है, जिससे मलबा हटाने में दिक्कत हो रही है।
कालिम्पोंग जिले की कई सड़कों पर यातायात बंद हो गया है और संचार सेवाएं भी बाधित हैं। जलपाईगुड़ी के निचले इलाकों में पानी भर गया है, कई घरों में पानी घुस गया है और लोग घुटने भर पानी में फँसे हुए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस आपदा पर दुख जताया है और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की है। उन्होंने कहा कि सरकार हालात पर नजर रख रही है और हर संभव मदद दी जाएगी।
দার্জিলিংয়ে সেতু দুর্ঘটনায় প্রাণহানির ঘটনায় গভীরভাবে মর্মাহত। যাঁরা তাঁদের প্রিয়জনদের হারিয়েছেন, তাঁদের প্রতি গভীর সমবেদনা। আহতরা দ্রুত সুস্থ হয়ে উঠুন—এই কামনা করি।
— Narendra Modi (@narendramodi) October 5, 2025
প্রবল বৃষ্টিপাত ও ভূমিধসের প্রেক্ষিতে দার্জিলিং ও আশেপাশের এলাকার পরিস্থিতি নিবিড়ভাবে পর্যবেক্ষণ করা হচ্ছে।…
मौसम विभाग ने दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कालिम्पोंग और कूचबिहार में ऑरेंज अलर्ट, अलीपुरद्वार में रेड अलर्ट और उत्तर-दक्षिण दिनाजपुर व मालदा में येलो वार्निंग जारी की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे पेड़ या बिजली के खंभों के नीचे खड़े न हों और जलाशयों से दूर रहें।

