‘आजादी तक हमले जारी रहेंगे’: बलूच आर्मी ने जाफर एक्सप्रेस को IED से फिर उड़ाया, 6 डिब्बे पटरी से उतरे, इस साल का तीसरा बड़ा हमला

पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर जाफर एक्सप्रेस ट्रेन को निशाना बनाया गया है। सिंध-बलूचिस्तान सीमा के पास सुल्तानकोट क्षेत्र में यह हमला हुआ। पटरियों पर लगाए गए विस्फोटक उपकरण (IED) से यह हमला किया गया। विस्फोट के कारण ट्रेन के कम से कम छह डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हमले में कई लोग घायल हुए हैं।

बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स (BRG) ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बलूच आर्मी ने दावा किया कि उन्होंने ट्रेन में यात्रा कर रहे पाकिस्तानी फौज के जवानों को निशाना बनाया था। उन्होंने यह भी कहा कि विस्फोट में कई फौजी मारे गए और घायल हुए। हालाँकि, अभी तक किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बलूच रिपब्लिकन गार्ड्स ने धमकी दी है कि “बलूचिस्तान की आजादी मिलने तक ऐसे हमले जारी रहेंगे।” हमले की सूचना मिलते ही बचाव दल और सुरक्षा बल तुरंत मौके पर पहुँचे। पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। पुलिस विस्फोट के कारणों और सबूतों को इकट्ठा कर रहे हैं।

शुरुआती रिपोर्टों से पता चलता है कि रेलवे ट्रैक को काफी नुकसान पहुँचा है। यात्री ट्रेन जाफर एक्सप्रेस को इस साल कई बार निशाना बनाया जा चुका है। मार्च में हुए एक बड़े हमले में 21 यात्रियों और चार सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई थी। 10 अगस्त को भी मस्तुंग में IED बम धमाके से छह डिब्बे पटरी से उतर गए थे और इसमें चार लोग घायल हुए थे।