भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) बीआर गवई पर जूता फेंकने की कोशिश किए जाने के बाद कथावाचक अनिरुद्धाचार्य और यूट्यूबर-पत्रकार अजीत भारती के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई शुरू किए जाने माँग की गई है। मिशन आंबेडकर के संस्थापक सूरज कुमार बौद्ध ने इसके लिए अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणि को पत्र लिखा है।
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, सूरज ने अपने पत्र में दावा किया है कि अनिरुद्धाचार्य ने CJI को धमकी दी थी। पत्र में कहा गया है, “अनिरुद्धाचार्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने सीधे CJI को धमकी दी और कहा कि ‘अगर आप चाहते हैं कि आपकी छाती फाड़ दी जाए तो मुझे बताइए।’ इसे सुप्रीम कोर्ट के प्रति हिंसा भड़काने के रूप में देखा गया।”
सूरज ने दावा किया है कि अजीत भारती ने अपने X अकाउंट पर इस मामले को लेकर आपत्तिजनक बयान दिए। सूरज के मुताबिक, ऐसे बयान सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों के खिलाफ नफरत और हिंसा भड़काने के लिए दिए गए हैं। सूरज ने अनुरोध किया है कि अनिरुद्धाचार्य और अजीत भारती के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई शुरू की जाए और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाए ताकि न्यायपालिका की गरिमा, स्वतंत्रता और सुरक्षा बनी रहे।
गौरतलब है कि सोमवार (6 अक्टूबर 2025) को एक वकील ने सुप्रीम कोर्ट में CJI पर जूता फेंकने की कोशिश की थी। इस वकील ने खुद को CJI द्वारा भगवान विष्णु की मूर्ति से जुडे़ मामले में की गईं टिप्पणियों से आहत बताया था।

