दुर्गापुर मेडिकल छात्रा गैंगरेप मामले में ममता बनर्जी का विवादित बयान, कहा- लड़कियाँ रात में बाहर न निकलें: पीड़िता के पिता ने की बंगाल से बाहर बेटी के इलाज की माँग

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा से हुए सामूहिक बलात्कार मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा है कि लड़कियों को रात में बाहर नहीं निकलना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने यह विवादित बयान देते हुए कहा, “मैं बाहर से पढ़ने आने वाले छात्रों खासकर लड़कियों से अनुरोध करती हूँ कि वे रात में बाहर न जाएँ। निजी कॉलेजों को छात्रों की सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए।”

ममता बनर्जी ने कहा कि यह घटना रात करीब 12:30 बजे वन क्षेत्र में हुई थी और उन्होंने सवाल उठाया कि छात्रा उस समय बाहर क्यों थी। उन्होंने कहा कि जो छात्र हॉस्टल में रहते हैं, उनके लिए एक नियम और सुरक्षा व्यवस्था होती है और निजी कॉलेज की भी जिम्मेदारी है कि वह अपने छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

इस बीच पीड़िता के पिता ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि वे अपनी बेटी को बंगाल में नहीं रखना चाहते। उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री से बेटी को एयरलिफ्ट कर वहाँ ले जाने की अपील की है।