पाकिस्तान के लिए जासूसी करता अलवर से पकड़ा गया मंगत सिंह, ‘सिद्ध पुरुष’ नाम से मशहूर: ISI हैंडलर ईशा शर्मा से मिलते थे पैसे, मोबाइल फोन में मिले विदेशी नंबर

राजस्थान के अलवर में मंगत सिंह ‘सिद्ध पुरुष’ बनकर लोगों के घर में पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान करता था। जबकि असल में वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का जासूसी निकला। पुलिस ने मंगल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगत सिंह अलवर और आसपास के इलाकों में ‘सिद्ध पुरुष’ के नाम से जाना जाता था। वह लोगों के घर पूजा-पाठ, हवन और धार्मिक अनुष्ठान कराता था और खुद को आध्यात्मिक ज्ञानी बताता था। इंटेलिजेंस एजेंसियों को शक होने के बाद उन्होंने उसकी निगरानी शुरू की। मंगत सिंह अलवर के ईटाराणा कैंट क्षेत्र के आसपास घूमता पाया गया, जो सैन्य गतिविधियों के लिए संवेदनशील क्षेत्र है।

जाँच में पता चला कि उसके पास दो मोबाइल नंबर थे और वह नियमित रूप से पाकिस्तान के एजेंटों से संपर्क में था। उसने सेना की गतिविधियों की तस्वीरें और वीडियो पाकिस्तान भेजे और तुरंत डिलीट कर देता था।

वहीं, जाँच में यह भी पता लगा है कि मंगत सिंह पिछले दो साल से ईशा शर्मा नाम की पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में भी था, जिसके द्वारा मिले गए पैसों को वो अपने परिचितों के बैंक खातों में भी डलवाया करता था।

मंगत सिंह अलवर के एमआईए क्षेत्र की एक फैक्ट्री में काम करता था लेकिन नौकरी के बाद वह धार्मिक चोला पहनकर लोगों को विश्वास में लेता था। इंटेलिजेंस टीम ने उसे गिरफ्तार कर उसकी फैक्ट्री और किराए के मकान से भी सबूत बरामद किए।