अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में रविवार (19 अक्टूबर 2025) को पहली बार दीपावली का आयोजन किया गया। हिंदू छात्रों ने उत्साह के साथ दीपोत्सव मनाया और मिठाई बांटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दीं।
रिपब्लिक भारत की एक रिपोर्ट के अनुसार, छात्र-छात्राओं ने 2100 दीपक जलाकर जय श्री राम और हर हर महादेव के जयकारे लगाए। इसके साथ ही 2100 किलो मिठाइयाँ भी बाँटी गई हैं। इस दौरान छात्रों ने दीये से ‘जय श्री राम’ भी लिखा।
एनआरएससी (अप्रवासी छात्र केंद्र) में आयोजित इस दीपोत्सव में छात्रों ने दीपकों से जयश्रीराम और एएमयू शब्द लिखे और त्योहार का प्रतीक दीपक की आकृति भी बनाई। आयोजन में आतिशबाजी भी की गई। सामाजिक विज्ञान और जनसंचार विभाग के छात्र अखिल कौशल ने पहले विश्वविद्यालय प्रशासन से दीपावली मनाने की अनुमति माँगी थी, जिसे मिलने के बाद छात्र सुबह से ही तैयारी में जुट गए।
इस अवसर पर प्राक्टर प्रो एम वसीम अली भी शामिल हुए और छात्रों के साथ मिठाई खाई। सुरक्षा के लिए दो थानों की पुलिस मौजूद रही। बाहरी लोगों को इस आयोजन में शामिल होने की अनुमति नहीं थी। अखिल कौशल ने बताया कि इससे पहले उन्होंने होली मनाने की अनुमति ली थी, जो शांति और आनंदपूर्वक संपन्न हुआ।
प्राक्टर ने बताया कि यह विश्वविद्यालय के इतिहास में पहली बार ऐसा आयोजन हुआ है और यह पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। हिंदू छात्रों के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है और इसने विश्वविद्यालय में सांस्कृतिक विविधता और सहयोग की भावना को बढ़ावा दिया है।

