मेरिट के खिलाफ आर्टिकल लिखना और उस आर्टिकल को खुद लिखने की मेहनत भी न करना, इससे बड़ी विडंबना क्या हो सकती है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता और वकील प्रणव धवन का एक कॉलम इन दिनों सोशल मीडिया पर इसी वजह से चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि जिस आर्टिकल में ‘योग्यता की तानाशाही’ का रोना रोया गया, उसे लिखने में किसी इंसानी दिमाग ने मेहनत ही नहीं की बल्कि पूरा आर्टिकल AI से तैयार हुआ है।

इंडियन एक्सप्रेस में छपा था आर्टिकल
10 नवंबर 2026 को इंडियन एक्सप्रेस में एक ओपीनियन आर्टिकल छपा, जिसका शीर्षक था, ‘कॉकरोच आंदोलन योग्यता की तानाशाही के खिलाफ बगावत है।’ आर्टिकल के नीचे नाम प्रणव धवन का था जो CJP के प्रवक्ता हैं और पेशे से एडवोकेट भी।
शीर्षक से ही अंदाज़ा लग जाता है कि आर्टिकल में मेरिट को खूबी की जगह एक तरह का जुल्म बताया गया है और कॉकरोच आंदोलन को उसी के खिलाफ उठी आवाज कहा गया है। छपने के बाद बहस आर्टिकल के तर्कों पर होनी चाहिए थी लेकिन बहस इस पर होने लगी कि आर्टिकल लिखा किसने।
अर्थशास्त्र के प्रोफेसर ने पकड़ी गड़बड़ी
अमेरिका के डार्टमाउथ कॉलेज में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर और शोधकर्ता पॉल नोवोसैड की नजर इस कॉलम पर पड़ी। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि कितनी मजेदार बात है कि इंडियन एक्सप्रेस का मेरिट-विरोधी यह ऑप-एड सौ फीसदी AI से लिखा गया है। पोस्ट तेजी से फैली और लोग आर्टिकल को फिर से खोलकर पढ़ने लगे, इस बार यह पकड़ने की कोशिश में कि कौन सा पैराग्राफ़ किसी मशीन का गढ़ा हुआ लगता है।
एक यूज़र ने लिखा, “ये हो क्या रहा है भाई?” उसने इंडियन एक्सप्रेस से यह भी पूछ लिया कि सतही IR वाले ऑप-एड तो छाप ही रहे थे, क्या अब AI से बने ऑप-एड भी छापने लगे हैं। प्रणव धवन और अखबार, दोनों इस वक्त नेटिजन्स के निशाने पर हैं।
Ironic that this "against meritocracy" op-ed in the Indian Express is 100% AI-generated. Meritocracy still underrated ig. https://t.co/H7GwayuGg7
— Paul Novosad (@paulnovosad) November 10, 2026
अब विडंबना देखिए
आर्टिकल का विषय ही मेरिट है, यानी योग्यता, मेहनत और काबिलियत। जिस काम की सबसे बुनियादी शर्त खुद सोचना और खुद लिखना है, वही इस आर्टिकल से गायब बताया जा रहा है। जो आदमी योग्यता के पैमाने को बेमानी कहे और उसके अपने कॉलम में योग्यता की जरूरत ही न पड़े, तो इसे संयोग कहा जाए या ईमानदारी?
वैसे धवन के लिए यह विषय नया नहीं है। 2022 में EWS फैसले के बाद योगेंद्र यादव के साथ उनका एक आर्टिकल ThePrint में छपा था, जिसका सार यह था कि मेरिट तभी याद आती है जब बात ‘उनके’ बच्चों की हो, ‘हमारे’ बच्चों की नहीं। जाति, आरक्षण और संविधान पर वे इंडियन एक्सप्रेस में भी कई बार लिख चुके हैं। यानी उनकी विषय पर पकड़ भी है और लिखने का पुराना रिकॉर्ड भी। ऐसे में इस बार मशीन का सहारा क्यों लिया गया, यह सवाल उठना स्वाभाविक था।
सोशल मीडिया पर लोगों ने उठाए सवाल
एक व्यक्ति ने वामपंथी विचारधारा वाले लोगों के एक समूह पर सवाल उठाते हुए कहा, “क्या आपने गौर किया कि भारतीय लिबरल और वामपंथी विचारधारा वालों में से किसी ने इस मुद्दे पर कुछ कहा? इसकी वजह शायद यह है कि यह टिप्पणी एक गोरे विदेशी ने की थी। इसलिए वे इस गलती की आलोचना करने और इसे सामने लाने की हिम्मत कर पा रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर यही बात किसी दूसरे रंग या गहरे रंग की स्किन वाले व्यक्ति ने कही होती, तो उसके खिलाफ नफरत और गुस्से का माहौल बना दिया जाता। पूरा समूह उसके पीछे पड़ जाता। उसने तंज कसते हुए कहा, “अब आप खुद ही समझ सकते हैं कि ऐसा क्यों है।”
Did you observe any Indian Liberal Leftists commenters made any remarks on this? Because it was posted by a western white gentleman. That allows them to criticise or critique or even surface this blunder. If the comments came from a person of different complexion or darker skin tone you would see the visceral hate and absolute degeneracy. The entire ecosystem and band wagon would have jumped right in. You can draw your own conclusions!
— Sougat Chakraborty (@sougat18) November 10, 2026
एक यूजर ने हैरानी जताते हुए लिखा, “आखिर यह क्या बकवास है?” उसने आगे सवाल उठाया, “इंडियन एक्सप्रेस, घटिया अंतरराष्ट्रीय संबंधों (IR) से जुड़े ऑप-एड छापने के अलावा अब AI से तैयार किए गए ऑप-एड को भी जगह दे रहा है?”
What the precise hell mann!! Indian Express, besides shoddy IR op-eds, you are platforming AI generated opeds too?
— Subhajit Naskar (@subhajit_n) November 10, 2026
एक सोशल मीडिया यूजर ने इस पूरे मामले को बेहद शर्मनाक बताया। उसने तंज कसते हुए लिखा, “शायद अब नाम बदलने का समय आ गया है। AIExpress नाम कैसा रहेगा? कम से कम इस नाम के साथ आपको शर्मिंदगी नहीं उठानी पड़ेगी और पॉल नोवोसैड को भी इतनी मेहनत नहीं करनी पड़ेगी।”
Ouch! This is deeply embarrassing, @IndianExpress @rajkamaljha. Perhaps it’s time for a complete rebranding. How does AIExpress sound? Atleast with that name you’d save yourself the embarrassment and @paulnovosad the hard work
— Adit (@IndicSociety) November 10, 2026
अखबार से भी सवाल
इंडियन एक्सप्रेस जैसे बड़े अखबार के ऑप-एड पेज पर कोई भी आर्टिकल छपने से पहले एडिटोरियल डेस्क से होकर गुजरता है। अगर आर्टिकल सचमुच मशीन ने लिखा है, तो क्या किसी एडिटर को इसकी भनक तक नहीं लगी? या भनक लगी और किसी ने परवाह नहीं की? पाठक ऑप-एड इसलिए पढ़ता है कि उसमें किसी जानकार आदमी की अपनी समझ पढ़ने को मिलेगी। वह समझ अगर किसी चैटबॉट की निकले, तो पाठक का भरोसा कहॉं जाएगा।
कुछ दिन पहले द हिंदू और द इंडियन एक्सप्रेस के बीच भी खबर को लेकर विवाद हो चुका है। द हिंदू का आरोप था कि इंडियन एक्सप्रेस ने उसकी एक्सक्लूसिव खबर अपने यहां छाप दी। मामला तमिल अभिनेता ऋषिकांत के इंटरव्यू से जुड़ा था। द हिंदू के मुताबिक, इंडियन एक्सप्रेस ने इंटरव्यू का बड़ा हिस्सा अपनी खबर में उठा लिया और कुछ बातों को अपने ढंग से दोबारा लिख दिया। यही नहीं, इंटरव्यू के साथ छपी तस्वीर भी बिना इजाजत और बिना क्रेडिट के इस्तेमाल कर ली गई।
यह इंटरव्यू द हिंदू के पत्रकार श्रीनिवास रामानुजम ने चेन्नई में अखबार के दफ्तर में अभिनेता ऋषिकांत से लिया था। बाद में द हिंदू ने यह मामला खुद उठाया और इंडियन एक्सप्रेस की पत्रकारिता के तौर-तरीकों पर सवाल खड़े किए थे।


