लोग अगले 100 साल तक को नहीं भूलेंगे ‘जंगल राज’: PM मोदी ने बिहार के युवा कार्यकर्ताओं से किया संवाद, बोले- ‘रफ्तार पकड़ चुका है बिहार’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ कार्यक्रम के तहत बिहार के युवा कार्यकर्ताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की। इस दौरान उन्होंने बिहार के विकास, युवाओं की भूमिका और अतीत के ‘जंगल राज’ को याद करने की सलाह दी। पीएम ने कहा कि बिहार के लोग वोट की ताकत को बखूबी समझते हैं और यही ताकत आज बिहार को नई ऊँचाइयों पर ले जा रही है।

पीएम मोदी ने युवा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर बूथ पर नौजवानों को इकट्ठा करें और बुजुर्गों को बुलाकर ‘जंगल राज’ के काले दिनों की कहानियाँ सुनाएँ। उन्होंने कहा, “बुजुर्गों के अनुभव नई पीढ़ी को बताएँ, ताकि वे समझें कि उस दौर में कितनी मुश्किलें थीं। विपक्ष भले ही अपने काले कारनामों को छिपाने की कोशिश करे, लेकिन बिहार के लोग अगले 100 साल तक ‘जंगल राज’ को नहीं भूलेंगे।”

उन्होंने बिहार में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र किया और कहा कि आज देश और बिहार में स्थिर सरकार के कारण तेजी से काम हो रहा है। पीएम ने कहा, “कहीं अस्पताल बन रहे हैं, कहीं अच्छे स्कूल, तो कहीं नए रेलवे रूट। बिहार हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। स्थिरता से विकास को गति मिलती है और बिहार की एनडीए सरकार इसकी मिसाल है।”

उन्होंने युवाओं में जोश भरते हुए कहा, “रफ्तार पकड़ चुका है बिहार, फिर से एनडीए सरकार!”

पीएम मोदी ने बिहार में चल रहे लोकतंत्र के महापर्व यानी चुनाव को समृद्धि का नया अध्याय बताया और युवाओं से इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने को कहा। साथ ही उन्होंने भाई-दूज और चित्रगुप्त पूजा की शुभकामनाएँ दीं। पीएम मोदी ने #GSTBachatUtsav का जिक्र करते हुए बताया कि बिहार के युवा बाइक और स्कूटी पर जीएसटी में छूट का जमकर फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने छठ पूजा की तैयारियों का भी जिक्र किया और बिहार के उत्साह को सराहा।

इस संवाद में पीएम ने युवाओं को बिहार के उज्ज्वल भविष्य का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित किया और उनकी ऊर्जा को लोकतंत्र की ताकत बताया।