डॉ रोहिणी घावरी ने नगीना के सांसद चंद्रशेखर पर लगाए गंभीर आरोप, जारी किया ऑडियो- BSP सुप्रीमो मायावती को बदनाम करने की साजिश: यौन उत्पीड़न का भी कर चुकी हैं शिकायत

स्विट्जरलैंड में रहने वाली डॉक्टर रोहिणी घावरी ने नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर एक बार फिर से भारी आरोप लगाए हैं। उन्होंने एक्स पर एक ऑडियो जारी किया, जिसमें चंद्रशेखर कथित तौर पर बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती यानी बहनजी के बारे में बेहद गंदी बातें करते सुनाई दे रहे हैं।

रोहिणी के मुताबिक, चंद्रशेखर ने कहा कि बहनजी कांशीराम साहब को ब्लैकमेल करती थीं, धमकी देती थीं कि अगर मुख्यमंत्री न बनाया तो समाज को बताऊंगी कि कांशीराम ने मेरा रेप किया। उन्होंने ये भी कहा कि आकाश आनंद के पिता ने कांशीराम के सिर पर बंदूक रखी थी।

रोहिणी ने आरोप लगाया कि चंद्रशेखर उनकी पार्टी आजाद समाज पार्टी को बसपा में विलय करने की बात करते थे, लेकिन उत्तराधिकारी खुद बनने की शर्त पर। वो अमेरिका के सोनू अंबेडकर की किताब बाँटकर जाटव समाज में बहनजी के खिलाफ नफरत फैला रहे हैं। रोहिणी ने कहा, ये पूरी साजिश बहुजन आंदोलन को खत्म करने की है। उन्होंने ऑडियो की सच्चाई साबित करने वाले को ₹1 करोड़ का ईनाम घोषित किया।

ये पुराने आरोपों का नया अध्याय है। पहले जुलाई 2025 में रोहिणी ने चंद्रशेखर पर यौन शोषण, कई लड़कियों को शादी का झांसा देकर बर्बाद करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा, चंद्रशेखर बीजेपी के एसेट हैं, जो बसपा को कमजोर करने के लिए इस्तेमाल हो रहे हैं।

बता दें कि सितंबर में रोहिणी ने जहर खाने की धमकी दी, कहा मेरी लाश भी भारत न लाना। उन्होंने वीडियो जारी कर चंद्रशेखर को शराबी बताया। चंद्रशेखर ने सभी आरोपों को फर्जी और एआई जनरेटेड बताते हुए कहा था कि वो कोर्ट में जवाब देंगे।

रोहिणी कहती हैं, नई पीढ़ी के मन में महापुरुषों के प्रति जहर भरा जा रहा है।