हिंदू महिलाओं ने मिशनरियों के धर्मांतरण के मंसूबों पर फेरा पानी, पैसे-मकान का लालच देकर 50 हिंदुओं को बनाना चाहते थे ईसाई: MP पुलिस ने 5 लोगों को किया अरेस्ट

मध्य प्रदेश के मैहर में हिंदू महिलाओं के एक समूह ने रविवार (26 अक्टूबर 2025) को जबरन महिलाओं को ईसाई बनाए जाने के मिशनरियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है। हिंदू महिलाओं ने थाने जाकर इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ ईसाई मिशनरी हिंदू महिलाओं को पैसा और मकान देने का लालच देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए कह रहे थे जिसमें दो महिलाएँ भी शामिल थीं। पुलिस ने मौके से इन्हें गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि करीब 50 हिंदू महिलाओं को ईसाई बनाने की साजिश की जा रही थी।

इस मामले में मध्यप्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम की धारा 3 और 5, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(c) के तहत FIR दर्ज की गई है।

जब कई महिलाओं ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें पैसे और घर देने की बात कही ताकि वे ईसाई धर्म अपना लें। लेकिन जब महिलाएँ नहीं मानीं, तो उन्हें धमकाया गया और मारने की कोशिश की गई।

ज्योति ने बताया कि आरोपी कई दिनों से उसे और अन्य महिलाओं को धर्म बदलने के लिए दबाव डाल रहे थे। जब वे पुलिस थाने जाने लगीं तो कुछ ईसाई महिलाएँ उन्हें रोकने आईं और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई।

पुलिस ने मौके पर छापा मारकर एक क्रॉस और अन्य ईसाई धार्मिक प्रतीक बरामद किए हैं। अब यह जाँच की जा रही है कि यह धर्मांतरण की कोशिश किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा थी या इन महिलाओं ने खुद से की थी।

घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता थाने के बाहर इकट्ठा हुए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की माँग की। VHP-बजरंग दल के नेताओं का कहना है कि यह षड्यंत्र लंबे समय से चल रहा था। इन नेताओं ने धर्मांतरण की गतिविधियों पर लगाम ना लगने की स्थिति में आंदोलन करने की भी चेतावनी दी है।

पुलिस ने इस मामले में 2 महिलाओं समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपितों से पूछताछ की है जिसके बाद उन्होंने न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जबरन धर्मांतरण की किसी भी कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।