जसीम मोहम्मद चला रहा था फर्जी ‘नरेंद्र मोदी अध्ययन केंद्र’, PMO की शिकायत पर CBI ने दर्ज की FIR: वेबसाइट पर कंगना रनौत का भी जिक्र

केंद्रीय जाँच ब्यूरो (CBI) ने अलीगढ़ के रहने वाले जसीम मोहम्मद के खिलाफ ‘नरेंद्र मोदी अध्ययन केंद्र’ (CNMS) की स्थापना और संचालन करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। मोहम्मद पर बिना सरकारी अनुमति के प्रधानमंत्री के नाम और प्रतीकों का इस्तेमाल करके कानून का उल्लंघन करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए, सीबीआई ने 24 अक्टूबर 2025 को एक विस्तृत जाँच के बाद FIR दर्ज की। अधिकारियों ने बताया कि यह केंद्र राष्ट्रीय नीति पर शोध करने का दावा करता था और इसकी वेबसाइट पर भाजपा सांसद कंगना रनौत का भी जिक्र था।

जाँच में पाया गया कि जसीम मोहम्मद ने जनवरी 2021 में CNMS को एक ट्रस्ट के रूप में रजिस्टर्ड कराया था, लेकिन इसके लिए सरकार या PMO से कोई जरूरी अनुमति नहीं ली गई थी।

सीबीआई का कहना है कि केंद्र द्वारा प्रधानमंत्री के नाम और तस्वीरों का इस्तेमाल करने से जनता को यह भ्रम हुआ कि इसे सरकार का समर्थन प्राप्त है। आरोपित मोहम्मद के व्यापक नेटवर्क और संबंधों की भी जाँच की जा रही है।