लखीसराय में राहुल गाँधी पर अमित शाह का तंज, बोले- EVM बटन दबाने का असर इटली तक दिखेगा: बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह को भी किया याद

लखीसराय में गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार (30 अक्टूबर 2025) को जनसभा को संबोधित करते हुए बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह को याद किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण बाबू ने 16 साल तक बिहार को देश का अग्रणी औद्योगिक राज्य बनाया, लेकिन लालू-राबड़ी ने इसे बर्बाद कर दिया। शाह ने लोगों से अपील की कि कमल और तीर के निशान पर वोट दें, ताकि नीतीश कुमार और पीएम मोदी बिहार को विकसित बनाएँ।

गृहमंत्री शाह ने जोर दिया कि वोट विधायक या मंत्री के लिए न दें, बल्कि जंगलराज, नक्सलवाद और आतंकवाद खत्म करने के लिए दें। अयोध्या में राम मंदिर बनने का जिक्र करते हुए कहा कि पुनौरा धाम में 850 करोड़ से माता सीता का भव्य मंदिर बनेगा और सीतामढ़ी से अयोध्या ट्रेन चलेगी।

उन्होंने लालू-राबड़ी और कॉन्ग्रेस पर घोटालों को लेकर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि लालू ने बिहार में भ्रष्टाचार फैलाया, कॉन्ग्रेस ने 10 साल में 12 लाख करोड़ के घपले किए। राहुल गाँधी को राहुल बाबा कहकर तंज कसा कि उन्होंने मोदी की माँ का अपमान किया, अपशब्द कहे और छठी मैया का भी अपमान किया।

अमित शाह ने नीतीश और मोदी की साफ छवि की तारीफ की, कहा इन पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं, पैसा गरीबों तक पहुँचता है। गृहमंत्री अमित शाह ने लखीसराय के सिंदूर को माताओं के सौभाग्य का प्रतीक बताया और पीएम मोदी के ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया, जो पहलगाम हमले का बदला था।