‘आई लव महादेव’ के जयकारों के बीच मोहम्मद बना महादेव, इमाम के बेटे ने कराई ‘घर वापसी’: MP के खंडवा का मामला

मध्य प्रदेश के खंडवा के प्रसिद्ध महादेवगढ़ मंदिर में देव प्रबोधनी एकादशी के शुभ अवसर पर शनिवार (1 नवंबर 2025) को अमलपुरा निवासी मोहम्मद खान ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ सनातन धर्म की आध्यात्मिक यात्रा शुरू की, जिसे ‘मोहम्मद से महादेव की यात्रा’ नाम दिया गया।

जानकारी के अनुसार, मंदिर परिसर में पंडित प्रमोद खेड़े के सानिध्य में मोहम्मद का मुंडन और दस विधि स्नान (जिसमें गोमूत्र, गंगाजल, पंचामृत आदि शामिल थे) के साथ शुद्धिकरण संस्कार हुआ। इसके बाद उन्होंने ‘आई लव महादेव’ का उद्घोष करते हुए भोलेनाथ का अभिषेक और आरती की।

इस खास मौके पर एक और रोचक दृश्य दिखा। पूर्व में इमाम के बेटे रहे और अब ‘मारुति नंदन’ नाम से पहचाने जाने वाले मुस्तफा ने मोहम्मद का गंगाजल से स्नान करवाया और उन्हें आशीर्वाद दिया।

महादेवगढ़ मंदिर संरक्षक अशोक पालीवाल ने बताया कि यह आयोजन धर्म परिवर्तन नहीं, बल्कि अपनी जड़ों की ओर लौटने की प्रक्रिया है। उन्होंने दावा किया कि इस वर्ष मंदिर में अब तक 14 युवाओं की ‘घर वापसी’ कराई जा चुकी है। ‘जय महाकाल’ के नारों के बीच श्रद्धालुओं ने इस क्षण को आस्था और आत्मबोध का प्रतीक बताया।