‘देख लेना, महागठबंधन वाले एक-दूसरे का ही फोड़ेंगे सिर’: बिहार के आरा में पीएम मोदी ने विपक्ष को घेरा, बोले- RJD ने कॉन्ग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर चोरी किया CM पद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (2 नवंबर 2025) को बिहार के आरा में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बिहार के विकास के लिए NDA का रोडमैप बताया और विपक्षी महागठबंधन पर जमकर हमला बोला है। पीएम मोदी ने कॉन्ग्रेस और RJD की आपसी कलह को लेकर भी दोनों दलों को आड़े हाथ लिया है।

पीएम मोदी ने कहा, “पूरा NDA एकजुट है जबकि कॉन्ग्रेस-RJD में घमासान मचा हुआ है। नामांकन वापस लेने से एक दिन पहले बिहार में, बंद कमरे में गुंडागर्दी का खेल-खेला गया था। कॉन्ग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि CM पद पर RJD के नेता का नाम तय हो।”

पीएम मोदी ने आगे कहा, “RJD ने कॉन्ग्रेस की कनपटी पर कट्टा रखकर CM पद चोरी कर लिया, कट्टा रखकर जबरदस्ती कॉन्ग्रेस से CM पद के उम्मीदवार के समर्थन की घोषणा कराई गई। RJD-कॉन्ग्रेस में झगड़ा भयंकर बढ़ गया है। चुनाव से पहले ही इतनी घृणा बढ़ गई है कि चुनाव के बाद ये एक-दूसरे का सिर फोड़ने लगेंगे।”

साथ ही, उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भी कॉन्ग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कहा, “भारत अब आतंकियों को घर में घुसकर मारेगा, ऑपरेशन सिंदूर में हमारी सेना ने कमाल करके दिखाया। सेना की सफलता कॉन्ग्रेस-RJD को पसंद नहीं आई, धमाके पाकिस्तान में हो रहे थे और नींद कॉन्ग्रेस के शाही परिवार की उड़ी हुई थी। आज तक पाकिस्तान और कॉन्ग्रेस के नामदार दोनों ही ऑपरेशन सिंदूर के सदमे से बाहर नहीं निकल पाए।”

पीएम मोदी ने कहा, “मैंने गारंटी दी थी कि किसी भी गरीब माँ का बच्चा भूखा नहीं सोएगा, आज भोजपुर जिले के लाखों परिवारों को पिछले 5 साल से लगातार मुफ्त अनाज मिल रहा है।” पीएम मोदी ने आगे कहा, “मोदी की गारंटी थी कि गरीब परिवार को पक्का घर मिलेगा, बिहार में 60 लाख गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है, इसमें भोजपुर के ही करीब 1.15 लाख लाभार्थियों को पक्का घर मिल गया है।”

इस दौरान पीएम मोदी ने बिहार में एक करोड़ रोजगार देने का NDA का संकल्प भी दोहराया। पीएम मोदी ने कहा, “बिहार देश के उन राज्यों में है, जहाँ सबसे अधिक युवा आबादी है। इसलिए NDA का जोर बिहार में शिक्षा और कौशल पर है। हमारा संकल्प है कि बिहार का युवा, बिहार में ही काम करेगा और बिहार का नाम करेगा। इसके लिए आने वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने का ऐलान किया गया है।”