बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण से ठीक पहले कॉन्ग्रेस नेता राहुल गाँधी ने विवादास्पद बयान दिया है। बिहार में बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA गठबंधन को कोसते-कोसते अब राहुल गाँधी ने सेना को भी राजनीति में घुसा दिया है। राहुल गाँधी ने कहा कि भारतीय सेना के 10 प्रतिशत आबादी के नियंत्रण में है।
राहुल गाँधी ने यह विवादित बयान औरंगाबाद के कटुंबा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए दिया। कॉन्ग्रेस नेता ने कहा, “अगर आप ध्यान से देखेंगे तो देश की 90 प्रतिशत आबादी दलित, महादलित, पिछड़ा, अत्यंत पिछड़ा या अल्पसंख्यक समुदाय से आती है। अगर आप भारत की 500 सबसे बड़ी कंपनियों की सूची निकालेंगे तो उसमें पिछले या दलित समुदाय का कोई व्यक्ति नहीं मिलेगा। सभी उसी शीर्ष 10 प्रतिशत आबादी से आते हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “सारी नौकरियाँ उन्हीं के पास जाती हैं। सशस्त्र बलों पर उनका नियंत्रण है। आपको बाकी 90 प्रतिशत आबादी का कहीं भी प्रतिनिधित्व नहीं मिलेगा।” राहुल गाँधी ने कहा, “हम एक ऐसा भारत चाहते हैं, जिसमें देश की 90 प्रतिशत आबादी के लिए जगह हो, जहाँ लोग सम्मान और खुशी से रह सकें। कॉन्ग्रेस हमेशा पिछड़ों के लिए लड़ी है।”
राहुल गाँधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी प्रवक्ता सुरेश नखुआ ने कहा, “राहुल गाँधी अब सशस्त्र बलों में एक जाति खोज रहे हैं और कहते हैं कि 10 प्रतिशत लोग इसे नियंत्रित करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी के प्रति अपनी नफरत में वे भारत से नफरत की हद पार कर चुके हैं।”

