प्रयागराज के प्राचीन पत्थरबंदी महादेव मंदिर में खजाने की तलाश में दीवार तोड़ी, रात भर की खुदाई: भड़के ग्रामीण, पुलिस ने CCTV से शुरू की तलाश

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सदियों पुराने पत्थरबंदी महादेव मंदिर में शनिवार रात (8 नवंबर 2025) को अज्ञात असामाजिक तत्वों ने खजाने की तलाश में दीवार काटकर खुदाई की। यह मंदिर यमुनापार क्षेत्र के छेंडी गाँव की पहाड़ी पर स्थित है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह मंदिर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित ऐतिहासिक धरोहर है, जहाँ शिवलिंग, हनुमान जी समेत अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएँ स्थापित हैं। रविवार (9 नवंबर 2025) सुबह पूजा के लिए पहुँचे ग्रामीणों ने गर्भगृह के पास टूटी दीवारें और खुदाई के निशान देखे, जिससे अफवाह फैल गई कि मंदिर के नीचे पौराणिक खजाना दबा है।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना पर बारा थाना पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली और पास के स्टोन क्रशर प्लांट के CCTV फुटेज जब्त कर जाँच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात भर पत्थर काटने की आवाज आई, लेकिन क्रशर प्लांट की वजह से किसी को शक नहीं हुआ।

बारा के नायब तहसीलदार विजय कुमार ने कहा, “प्रथमदृष्या यह खजाने की तलाश का प्रयास लगता है। धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ नहीं हुआ। पुलिस गहन जाँच कर रही है, जल्द खुलासा होगा।” फिलहाल, पर्यटन विभाग ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए टीम भेजी है।