हिंदू युवती संग कार में घूम रहा शादीशुदा मुस्लिम जिम ट्रेनर, बीच सड़क पर बजरंग दल ने रोका: शादाब मंसूरी को MP पुलिस ने शांति भंग के आरोप में भेजा जेल

मध्यप्रदेश के इंदौर में एक मुस्लिम जिम ट्रेनर को युवती के साथ कार में घूमना भारी पड़ गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने युवक की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, घटना सोमवार (10 नवंबर 2025) रात भंवरकुआं इलाके के पलसीकर चौराहा के पास की है। पुलिस के अनुसार, युवक का नाम शादाब मंसूरी है, जो पेशे से जिम ट्रेनर है। उसकी पहचान एक युवती से जिम में हुई थी और दोनों सोमवार रात कार से घूमने निकले थे।

इसी दौरान बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने शादाब को कार से बाहर निकालकर मारपीट शुरू कर दी। युवती ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन भीड़ नहीं मानी।

पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों को थाने ले गई। पहले उन्हें भंवरकुआं थाने में लाया गया, लेकिन बाद में मामला जूनी इंदौर थाना क्षेत्र का होने के कारण वहां भेज दिया गया। युवती ने किसी भी तरह की शिकायत दर्ज कराने से इनकार किया।

पुलिस ने बताया कि शादाब के खिलाफ शांति भंग की आशंका में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है और उसे जेल भेज दिया गया है। वहीं, बजरंग दल का आरोप है कि शादाब शादीशुदा है और युवतियों को धोखा देता है। पुलिस का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की गई है और जाँच जारी है।